दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल में दिनांक 20 मार्च 2026 को स्कूल के यू.के.जी. के विद्यार्थियों के लिए “ग्रेजुएशन सेरेमनी” का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की पूरे वर्ष की मेहनत के लिए उन्हें सम्मानित करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मिस मनु शर्मा (पूर्व स्कूल अध्यापिका) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें समूह गीत और लोक नृत्य मुख्य आकर्षण रहे। “रैंप वॉक” के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक अदाओं से सभी का मन मोह लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हुए सांस्कृतिक धुनों पर पंजाबी लोक नृत्य गिद्धा और भांगड़ा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही मोबाइल के दुष्प्रभावों को दर्शाता एक विशेष नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार द्वारा विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और उन्हें अगली कक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। मॉडलिंग प्रतियोगिता में अवनिया को मिस यू.के.जी. और सहजवीर सिंह भट्टी को मास्टर यू.के.जी. का खिताब मिला। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रमुख द्वारा उपस्थित अभिभावकों का तहे दिल से धन्यवाद किया गया और उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।