दोआबा न्यूज़लाइन
चंबा: हिमाचल के चंबा में पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात 1 बजे के करीब भरमौर के दिनका के नजदीक काली मंदिर के पास एक बोलेरो गाड़ी अनयंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार 2 युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविंद्र शर्मा निवासी चोबिया, भरमौर और विशाल कपूर निवासी भरमौर के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थनीय लोगों ने पुलिस को एक्सीडेंट की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम मोके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से सड़क तक पहुंचाया। एक्सीडेंट में बोलेरो गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भरमौर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बोलेरो गाड़ी मृतक रविंद्र शर्मा चला रहा था। वह पेशे से ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बोलेरो गाड़ी में तेल भरवाने के लिए लाहल स्थित पेट्रोल पंप गए थे और पेट्रोल भरवाकर वापस भरमौर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।