मंडी में भाजपा सांसद कंगना ने अधिकारियों को जमकर लगाई फटकार, कहा- काम नहीं करना तो यहां क्या सिर्फ सैलरी खाने आते हैं

दोआबा न्यूज़लाइन

मंडी: हिमाचल के मंडी जिला प्रशासन के डीआरडीए हॉल में शनिवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनोट ने अधिकारियों की कामों में हो रही ढिलाई को लेकर जमकर क्लास लगाई। इस दौरान विकास योजनाओं में लगातार हो रही देरी और केंद्र से स्वीकृत सांसद निधि फंड खर्च न होने से नाराज सांसद ने विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सांसद का काम केंद्र से फंड लाना होता है,जो वह कर रही हैं, जबकि उसे खर्च करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। उन्होंने आगे कहा कि अधिकारी केवल खानापूर्ति के लिए बैठकों में न आएं, बल्कि पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों पर भी काम करें।

इस बैठक के दौरान कंगना का पारा तब और ज्यादा चढ़ गया जब विकास कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट और आंकड़े प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और मंत्रालयों से 11 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत करवाया गया है। मार्च-अप्रैल तक के आंकड़ों के मुताबिक इसमें से मंडी क्षेत्र के लिए आवंटित करीब 5.5 करोड़ रुपए में से 50 से 60 लाख रुपए भी सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हुए हैं।

अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कंगना ने कहा कि काम एक भी नहीं हुआ! इतनी निठल्ली और निकृष्ट कार्यशैली है। मैं मीडिया के सामने क्या जवाब दूं? क्या ये लोग यहां सिर्फ तनख्वाह खाने आते हैं? कंगना ने कहा कि हर काम की स्थिति साफ होनी चाहिए कि कितना पूरा हुआ है और कितना अटका है। 40, 50, 60 या 80 प्रतिशत तक हुए कामों की अलग-अलग लिस्ट बनाई जाए। साथ ही, हर मामले के लिए समय पर काम पूरा करने का प्लान भी तैयार किया जाए।

बैठक के अंत में सांसद ने स्पष्ट किया कि अब केवल कागजी जुमलों और पत्राचार से काम नहीं चलेगा। जब तक काम धरातल पर पूरा नहीं होता, उसे पूरा नहीं माना जाएगा। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि सुस्त और लचर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व विभागों को चिन्हित कर उनके नाम दर्ज किए जाएं। साथ ही, जो विभाग बिना काम किए पैसा रोक कर बैठे हैं या अनुमति न मिलने पर भी पैसा वापस नहीं कर रहे हैं, उन पर दबाव बनाकर जनता का पैसा तुरंत रिकवर किया जाए।

Related posts

विकसित भारत के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की महत्त्वपूर्ण भूमिकाः राज्यपाल

जोगिन्दर में मंडी-पठानकोट हाईवे पर अनयंत्रित होकर पलटी थार, 8 ट्रेनी डॉक्टर घायल

मणिमहेश यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, अब गौरीकुंड तक तक चलेंगे फोन