जालंधर में आज हड़ताल पर उतरे बैंक कर्मचारी, मांगे न मानी जाने को लेकर 26 अक्टूबर से हड़ताल की चेतावनी

दोआबा न्यूज़लाइन

26 अक्टूबर से दी हड़ताल की चेतावनी

जालंधर: पंजाब के जालंधर में आज अपनी मांगों को मनवाने के लिए बैंक कर्मचारी हड़ताल पर उतर आए हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बैंक कर्मियों ने 5-डे वर्किंग वीक व परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के समान वितरण की मांग को लेकर आज प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंक के भारी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी जालंधर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के बाहर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं।

इस दौरान बैंक कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर उतरेंगे, जिसकी जिम्मेदार सरकार होगी। कर्मचारियों ने कहा कि बैंकों में नियम है कि ‘नो वर्क, नो पे’, जिससे अगर वह हड़ताल में शामिल होते हैं तो उनकी सैलरी कटती है। इसके बावजूद वे अपना वेतन कटवाकर आज अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं।

इस मौके पर बोलते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के यूनियन प्रतिनिधि बलजीत और UFBU के नेताओं ने बताया कि सरकार के साथ जुलाई में 5-डे वर्किंग वीक को लेकर सहमति बन गई थी और समझौता भी हो चुका था। लेकिन इसके बावजूद सरकार फैसले को लागू करने से पीछे हट रही है और वादाखिलाफी कर रही है।

कर्मचारियों का कहना है कि आज वे सरकार को अपना किया हुआ वादा याद दिलाने के लिए सड़कों पर उतरे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के वितरण में कर्मचारियों के साथ भेदभाव हो रहा है जो कि सरासर गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्केल-4 और उससे ऊपर के उच्च अधिकारियों को अधिक PLI दिया गया है, जबकि क्लर्क और निचले स्तर के स्टाफ को इससे वंचित रखा जा रहा है। यूनियन की मांग है कि PLI का बंटवारा सभी कर्मचारियों में एक समान और पारदर्शी तरीके से किया जाए।

यूनियन ने सरकार को चेताते हुए यह साफ़ किया है कि आज का प्रदर्शन केवल एक दिन की सांकेतिक हड़ताल है। यदि उसके बाद भी वार्ता में हल नहीं निकला तो आंदोलन और भी तेज होगा। उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति के तहत 3 दिनों की हड़ताल की जाएगी। शनिवार और रविवार के अवकाश के साथ मिलकर 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित करेगी। लेकिन अगर इसके बाद भी सरकार द्वारा उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो वह 26 अक्टूबर से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।

Related posts

अमृतसर के भंडारी पुल में आज रहेगा चक्का जाम, पुल पर आवाजाही ठप्प

मेहरचंद पॉलिटेक्निक में पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

HMV कॉलेज में वोटर रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित