Hotel Meriton विवाद का सुखद अंत: पार्टनर्स में बनी सहमति, नितिन कोहली और वनीत धीर ने निभाई मुख्य भूमिका

कई महीनों से चल रहे मतभेद बातचीत से सुलझे, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह की भी रही अहम भूमिका

पार्टनरशिप जारी रखने पर सहमति, दोबारा विवाद की स्थिति में अलग होने का विकल्प

जालंधर (सतपाल शर्मा ) : शहर के प्रमुख Hotel Meriton से जुड़े पार्टनर्स के बीच पिछले कई महीनों से चल रहा विवाद आखिरकार बातचीत और आपसी सहमति के जरिए सुलझने की दिशा में बढ़ गया है। संबंधित पक्षों के बीच हुई अहम बैठक में लंबी बातचीत के बाद सभी पार्टनर्स ने पुराने मतभेद पीछे छोड़कर सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ने पर सहमति जताई।

इस पूरे मामले में जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली और मेयर वनीत धीर ने अहम भूमिका निभाते हुए सभी संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया। वहीं, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह की भूमिका भी इस पूरी बातचीत में महत्वपूर्ण रही।

बैठक के दौरान सभी पक्षों ने विस्तार से अपनी बात रखी। लंबी चर्चा के बाद आपसी सम्मान, शांति और सकारात्मक माहौल बनाए रखने पर सहमति बनी। पार्टनर्स ने फिलहाल साझेदारी को जारी रखते हुए मिलकर आगे बढ़ने का निर्णय लिया। साथ ही, भविष्य में यदि दोबारा गंभीर मतभेद पैदा होते हैं, तो आपसी सहमति से पार्टनरशिप अलग करने का विकल्प भी खुला रखने पर सहमति बनी।

बैठक में यश दुआ, विकास मित्तल, डॉ. परमजीत सिंह मरवाहा, इंदरपाल मरवाहा, इंदरजीत सिंह मरवाहा, गुरकिरपाल सिंह मरवाहा, गुरप्रीत सिंह मरवाहा, गुरसिमरन सिंह मरवाहा और गौतम कुकरेजा सहित मामले से जुड़े प्रमुख पार्टनर्स मौजूद रहे।

इसके अलावा सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह ढिल्लों, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह और विक्की तुलसी सहित अन्य लोग भी बैठक में शामिल हुए।

नितिन कोहली ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख संस्थानों से जुड़े विवादों का समाधान आपसी बातचीत, समझ और सहमति से ही संभव है। उन्होंने सभी पक्षों के एक साथ बैठकर समाधान की दिशा में आगे आने को सकारात्मक पहल बताया।

उन्होंने कहा कि गंभीर से गंभीर विवाद भी यदि सभी पक्ष खुले मन से बातचीत करें तो उसे शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सकता है।

मेयर वनीत धीर ने भी पार्टनर्स के बीच बनी सहमति का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल के बाद मैरिटन से जुड़े पिछले कई महीनों से चले आ रहे मतभेद समाप्त होंगे और सभी पार्टनर्स सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ेंगे।

सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान मैरिटन से जुड़े निगम स्तर पर लंबित कुछ अन्य मामलों को भी बातचीत के जरिए सुलझाने का मुद्दा सामने आया। संबंधित पक्षों ने मेयर से ऐसे मामलों में भी हस्तक्षेप कर समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि पार्टनर्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के कारण Hotel Meriton पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है। पिछले दिनों होटल से जुड़ी एक घटना के बाद विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ा था।

हालांकि, अब हुई बातचीत के बाद सभी पक्षों ने विवाद को पीछे छोड़कर शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ने पर सहमति जताई है। नितिन कोहली ने बैठक में शामिल सभी पक्षों और समाधान की प्रक्रिया में सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यह घटनाक्रम बताता है कि संवाद, सामूहिक प्रयास और आपसी समझ के जरिए बड़े से बड़े विवाद का भी समाधान निकाला जा सकता है।

Related posts

इनोसेंट हार्ट्स स्कूल के नन्हे कदमों ने रचा सशक्त भारत का सपना :‘वाइवेशस वाइब्रेंस 2026-27’ रहा शानदार

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर हॉकी इंडिया और हॉकी पंजाब की अहम बैठक

नगर निगम जालंधर की बड़ी कार्रवाई, बकाया पानी और सीवरेज बिलों की वसूली कर इकठ्ठा किये 71930 रुपये