केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्‌टू ने अपने पद से दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने स्वीकार किया इस्तीफा

दोआबा न्यूज़लाइन

लुधियाना : केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्‌टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंत्री बिट्टू के इस्तीफे को बीते दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही अब केंद्र सरकार में बिट्टू का मंत्री पद समाप्त हो गया। बता दें कि बिट्टू केंद्र सरकार में पंजाब से भाजपा के इकलौते राज्य मंत्री थे, उन्हें रेल राज्य और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग विभाग दिया गया था।

वहीं रवनीत सिंह बिट्टू ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी नेतृत्व उन्हें आगे भी जो जिम्मेदारी देगा, उसे वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। बिट्टू ने आगे यह भी कहा कि संगठन का कोई भी निर्देश उनके लिए सबसे पहले है। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोन आएगा तो मैं हमेशा की तरह उसे उठाऊंगा और जो जिम्मेदारी मुझे मिलेगी, उसे पूरी ताकत के साथ निभाऊंगा।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर लिखा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर दिया।

भारत के लोगों, विशेषकर मेरे पंजाब के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं सेवा, राष्ट्रवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखूंगा। जनसेवा की मेरी यात्रा नए संकल्प और समर्पण के साथ आगे भी जारी रहेगी।

बताते चलें कि जून 2024 में रवनीत बिट्टू को केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री बनाया गया था। बाद में उनको खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। करीब दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेलवे से जुड़े कई कार्यक्रमों और परियोजनाओं में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व किया। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बेअंत सिंह के पोते हैं।

Related posts

पंजाब की युवती की कनाडा में दर्दनाक मौत, लिव-इन पार्टनर ही निकला हत्यारा

दिल्ली में छात्र आंदोलन तेज: जंतर-मंतर के 1.5 किमी दायरे में मोबाइल इंटरनेट बंद, राहुल गांधी बोले- लोकतंत्र की हत्या हो रही

NEET पर राजनीति कर रही कांग्रेस, अपने और सहयोगी दलों के राज्यों के परीक्षा घोटालों पर क्यों है खामोश? : विजय सांपला