दोआबा न्यूज़लाइन
पंजाब: पंजाब के 2 और नौजवानों की विदेशी धरती कनाडा से दुखद मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पंजाब के रहने वाले दो दोस्त कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर की लाशीन नहर के पास मौजूद थे तभी अचानक एक का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। जिसके बाद उसको बचाने के लिए दूसरा युवक भी नदी में कूद गया। लेकिन नहर गहरी होने के चलते दोनों बाहर नहीं आ सके और उनकी मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना पाकर तुरंत मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और पुलिस मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन रेस्क्यू टीम द्वारा कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह और अमृतसर जिले के गांव बुटाला (नौरंगपुर) के एक अन्य युवक के रूप में हुई है।
इस दुखद खबर के युवकों के परिवारों तक पहुंचने के बाद परिवारों में मातम छा गया है। बेटे की मौत के बाद लवप्रीत सिंह के माता-पिता ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और विदेशों में रह रहे समाजसेवियों तथा एनआरआई से मदद की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि उनके इकलौते बेटे के पार्थिव शरीर को कनाडा से पंजाब लाने के लिए प्रशासनिक और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे अपने लाडले का पूरे रीति-रिवाजों के अंतिम संस्कार कर सकें।
बताया जा रहा है कि मृतक लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गया था और वहां एक कंपनी में ट्राला चालक के रूप में कार्यरत था। उसके परिवार ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए अपनी दो एकड़ जमीन बेचकर उसे कनाडा भेजा था। परिवार को कभी अंदाजा नहीं था कि जिस बेटे को बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा है, उसकी पार्थिव देह वापस आएगी। अब इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।