संगरूर में भाजपा कार्यालय पर हमला, पेट्रोल बम से दफ्तर में आग लगाने की कोशिश, बड़ा हादसा टला

दोआबा न्यूज़लाइन

संगरूर: पंजाब के संगरूर में बीती देर रात बीजेपी के जिला दफ्तर को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि संगरूर में रविवार देर रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भाजपा के जिला दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। हमले में कार्यालय की दीवार का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है जहां आग लगने के निशान भी हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय की दीवार के ऊपर से फेंका और फिर वहां से फरार हो गए। हमले में कार्यालय की दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। गनीमत रही कि पेट्रोल से भारी बोतल भाजपा दफ्तर के अंदर नहीं गिरी वरना आग लग सकती थी। घटना के बाद सुबह केयर टेकर ने घटना की सूचना भाजपा नेता रणदीप देओल को दी। नेता रणदीप देओल ने कहा कि केयर टेकर ने कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी और फ़ोन पर तस्वीरें भेजीं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी गई है।

वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घटना के बाद से दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। हमले का सही समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट होगा। एसएसपी नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बना ली गई हैं। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी मौके से सैंपल जुटाए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि की जाएगी। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे भाजपा कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं घटना के बाद से भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और यहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है।

Related posts

अमृतसर देहात पुलिस ने ड्रग्स और हथियार स्मगलिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली 5 मंजिला इमारत हादसा, अब तक 7 की मौत, फरार बिल्डिंग मालिक राजस्थान से गिरफ्तार

फिरोजपुर मंडल ने अगस्त में ग्राहक अनुकूल पहलों के साथ माल परिवहन सेवाओं को दी गति