जालंधर में पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि, परिवारों की समस्याएं सुनी, नशे के खिलाफ 60 दिन का विशेष अभियान शुरू

दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर : जालंधर में राज्य स्तरीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पंजाब पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने आतंकवाद, संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी साँझा की। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, 16 मार्च 2022 से अब तक NDPS एक्ट के तहत 95,000 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं और एक लाख से अधिक गिरफ्तारियां की गई हैं। इस दौरान 7,200 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद करने का दावा किया गया।

अधिकारी ने बताया कि नशा तस्करी से जुड़े मामलों में लगभग 902 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। उनके अनुसार, NDPS एक्ट के तहत पंजाब पुलिस की दोषसिद्धि दर लगभग 90 प्रतिशत है, जिसे उन्होंने देश में सबसे अधिक बताया। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क और उनकी आर्थिक सहायता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशे के कारोबार की वित्तीय जड़ों को कमजोर किया जा सके।

पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ 60 दिन का विशेष अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में फिल्लौर में हुई उच्चस्तरीय बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा खेल विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

इस अभियान के तहत नशे के लिए चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नशा बेचने वालों और सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए पुलिस और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल गिरफ्तारियां करना या नशीले पदार्थ बरामद करना नहीं है, बल्कि इन इलाकों को नशामुक्त बनाकर युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है। इसके लिए खेल मैदान विकसित करने, स्ट्रीट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने और नशे की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास एवं नशामुक्ति पर भी ध्यान दिया जाएगा।

पंजाब पुलिस के अधिकारी के अनुसार, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की स्थापना 6 अप्रैल 2022 को की गई थी। इसके बाद से विभिन्न संगठित आपराधिक गिरोहों के 3,326 सदस्यों को गिरफ्तार करने और 1,288 गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान 2,507 हथियार और 62 वाहन बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 से गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भी गिरफ्तारियां और बरामदगी की गई हैं।

आंतरिक सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने 86 आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और 660 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके मुताबिक, इस दौरान 88 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), 131 हैंड ग्रेनेड, 28 किलोग्राम RDX और छह रॉकेट लॉन्चर बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पंजाब में आतंकवाद, नशा तस्करी और नार्को-टेररिज्म के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पंजाब पुलिस के अनुसार, पुलिस भवनों, आधुनिक उपकरणों, सॉफ्टवेयर और साइबर अपराध से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए 1,600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। पुलिस ने साइबर अपराध से निपटने के लिए नए साइबर पुलिस स्टेशनों को अधिसूचित करने और जांच व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में भी काम किया है।

Related posts

सरबजीत सिंह मक्कड़ और MP अशोक मित्तल ने जालंधर कैंट में दशहरे के कार्यक्र्म पर की शिरकत, एकता का दिया संदेश

जालंधर में धूं-धूं कर जली कन्फेक्शनरी शॉप, दुकानदार का हुआ लाखों का नुकसान

जालंधर के भार्गव कैंप में दशहरे पर अनोखे रावण बने आकर्षण का केंद्र, दशानन के साथ जलेगा नशे का पुतला