दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के ए.पी.जे. कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स में विद्यार्थियों द्वारा बेसब्री से प्रतीक्षित टैलेंट कार्निवल 2026 का आयोजन बड़े उत्साह, जोश और रंगारंग माहौल में किया गया। इस दो दिवसीय कार्निवल ने विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान किया।
कार्निवल के पहले दिन विभिन्न गैर-मंचीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम वर्ष के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, कविता, भाषण,क्विज, फोटोग्राफी, कार्टूनिंग और क्ले मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, नए विचारों और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं ने कार्निवल के अगले चरण के लिए एक सृजनात्मक और प्रेरणादायक वातावरण तैयार किया। कार्निवल के दूसरे दिन गायन, वादन, नृत्य और थिएटर सहित विभिन्न मंचीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक उस्ताद पेजी शाह कोटि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उस्ताद पेजी शाह कोटि प्रसिद्ध गायक श्री पूर्ण
शाह कोटि के सुपुत्र तथा प्रसिद्ध गायक मास्टर सलीम के छोटे भाई हैं और बॉलीवुड एवं पॉलीवुड में अपनी गायकी के माध्यम से विशेष पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर डॉ. सुचारिता शर्मा, निदेशक, ए.पी.जे. एजुकेशन सोसाइटी, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीरजा ढींगरा ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर मुख्य अतिथि उस्ताद पेजी शाह कोटि का स्वागत किया। इसके उपरांत उस्ताद पेजी शाह कोटि ने अपनी दमदार गायकी से कार्यक्रम में जान डाल दी। उन्होंने “इक तारा वज्जदा वे”, “आवो नी सहियो, देवो नी वधाई” और “गुड़ नालों इश्क मिठ्ठा” जैसे गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संगीतमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. नीरजा ढींगरा ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टैलेंट कार्निवल केवल
प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी क्षमता को पहचानने और उसे निखारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि, “ए.पी.जे. कॉलेज मानो कला का वह समुद्र है, जिसमें हर वर्ष विभिन्न कलाओं में निपुण हीरे- जवाहरात आते हैं और इस कला-रूपी समुद्र की खूबसूरती को और बढ़ाते हैं। हमारे नए विद्यार्थियों को इतने आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ भाग लेते देखना हमारे लिए बेहद खुशी का विषय है।”
वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। गायन प्रतियोगिता में मैडम सर्वप्रिया और मैडम दीपाली, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट में डॉ. सीमा शर्मा और डॉ. सुमित सिंह, जबकि नृत्य प्रतियोगिताओं में डॉ. संतोष व्यास और ए.पी.जे. स्कूल की अध्यापिका मैडम मन्नत ने निर्णायकों के रूप में अपनी भूमिका निभाई। थिएटर प्रतियोगिताओं में क्रांतिपाल और अमनदीप सिंह ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। इसके अलावा साहित्यिक, फाइन आर्ट्स और होम साइंस से संबंधित प्रतियोगिताओं में भी अपने-अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ शिक्षकों और विशेषज्ञों ने निर्णायकों की भूमिका निभाई।
टैलेंट कार्निवल 2026 के सफल मंच संचालन की जिम्मेदारी मैडम अनुराधा और मैडम चेतना ने बखूबी निभाई। उनके प्रभावशाली मंच संचालन ने पूरे कार्यक्रम को और भी जीवंत एवं सुचारु बना दिया। टैलेंट कार्निवल 2026 के सफल आयोजन के लिए प्रिंसिपल डॉ. नीरजा ढींगरा ने कॉलेज के कल्चर कोऑर्डिनेटर डॉ. अरुण मिश्रा, डॉ. अमिता मिश्रा, डॉ. मोनिका आनंद, डॉ. पायल अरोड़ा और डॉ. मिक्की वर्मा के प्रयासों की भरपूर सराहना की।
उन्होंने कहा कि इनके समर्पित प्रयासों के कारण ऐसे रचनात्मक और विद्यार्थी-केंद्रित कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित होते हैं तथा भविष्य में भी यह टीम इसी उत्साह के साथ कॉलेज में ऐसे आयोजनों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी। डॉ. ढींगरा ने मुख्य अतिथि उस्ताद तेजी शाह कोटी जी का विशेष तौर पर धन्यवाद किया कि उन्होंने अपनी शानदार गायक की और सुरों से टैलेंट कार्निवल की शाम को यादगार बना दिया।