दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर : मानव सहयोग स्कूल, जालंधर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल दीपक रामपाल जी, वीर चक्र से सम्मानित, कारगिल युद्ध के वीर योद्धा, सेवानिवृत्त भारतीय सेना अधिकारी एवं प्रेरणादायक वक्ता ने विशेष रूप से शिरकत की। स्कूल के चेयरमैन श्री एस. के. शर्मा जी, डॉ. श्रीमती सुषमा चोपड़ा जी, श्री संदीप जैन जी, श्री रमेश सेवक जी, श्री सुनील मल्होत्रा जी तथा प्रबंधकीय समिति के सम्माननीय सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि कर्नल दीपक रामपाल जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इसके बाद स्कूल के विभिन्न सदनों द्वारा शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद का शपथ ग्रहण एवं बैज वितरण समारोह भी आयोजित किया गया। नवनियुक्त विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने अपने पदों की शपथ लेते हुए स्कूल के अनुशासन एवं गरिमा को बनाए रखने, विद्यार्थियों में एकता और सहयोग की भावना विकसित करने, स्कूल की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग देने, अपने साथी विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने तथा अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह को और भी यादगार बनाते हुए स्कूल के संगीत विभाग द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त ‘देशभक्ति की धड़कन—लघु संगीतमय प्रस्तुति’ तथा ‘भविष्य की ओर कदम—विकसित भारत’ विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं।
मुख्य अतिथि कर्नल दीपक रामपाल जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा पंजाबी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता शानदार भांगड़ा पेश किया गया, जिसने पूरे समारोह में जोश और उत्साह भर दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सपना कुमार जी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का तहेदिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अतिथियों की उपस्थिति ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया। उन्होंने सभी अतिथियों द्वारा अपना बहुमूल्य समय स्कूल एवं देश के नाम करने के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।