जालंधर में निजी अस्पताल के बाहर चली गोली, युवक गंभीर

पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग, आरोपी फरार; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छापेमारी

जालंधर : जालंधर-अमृतसर हाईवे पर मकसूदां चौक के पास एक निजी अस्पताल के बाहर बीती रात उस समय दहशत फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोली लगने से शिव नगर निवासी सौरभ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत देर रात तक नाजुक बनी हुई थी, हालांकि शाम तक स्थिति में कुछ सुधार बताया गया।

पुलिस के अनुसार घटनाक्रम की शुरुआत कालिया कॉलोनी पार्क में हुई, जहां कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। मोहल्ला निवासियों द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और बात ईंट-पत्थर तक पहुंच गई। इस दौरान लक्की हलवाई नामक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना प्रभारी डिवीजन नंबर-1 राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 से 11:15 बजे के बीच गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसीपी अशोक मीना सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था।

पुलिस जांच में सामने आया कि दविंदर अपने साथी शुभम व अन्य के साथ लक्की का हाल-चाल जानने अस्पताल गया था। इसी दौरान प्यास लगने पर शुभम पास के पेट्रोल पंप पर पानी लेने गया, जहां पहले से मौजूद विष्णु और हिमांशु ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने अपने साथी अनमोल को भी मौके पर बुला लिया।

कुछ ही देर में दविंदर का बड़ा भाई सौरभ सिंह भी वहां पहुंच गया। दोनों भाई शुभम को बचाने की कोशिश कर रहे थे कि आरोपियों ने ललकारते हुए फायरिंग कर दी। गोली सौरभ की बाजू में लगकर पेट में जा धंसी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

घायल सौरभ के छोटे भाई दविंदर (बोबी), जो टूर एंड ट्रेवल का काम करता है, ने बताया कि उनका ऑफिस अस्पताल के पास ही है। उन्होंने कहा कि पहले आरोपियों ने शुभम पर हमला किया और फिर समझाने पर उनके साथ भी मारपीट की। इसी बीच किसी ने सौरभ को सूचना दे दी।

दविंदर के मुताबिक, उन्होंने अपने भाई को वापस दुकान पर भेज दिया था, लेकिन आरोपी ललकारते रहे। जब सौरभ दोबारा मौके पर पहुंचा तो एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की पहचान

थाना प्रभारी ने बताया कि सौरभ के छोटे भाई दविंदर के बयानों के आधार पर एफआईआर नंबर 62, दिनांक 25-02-2026 दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और हाईवे के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

Related posts

PCM SD College for Women में आयुर्वेदिक कपड़ों के छोटे व्यवसाय पर कार्यशाला आयोजित

Apeejay Institute में ‘रिवाइव एंड सर्वाइव’ गतिविधि का आयोजन, छात्रों ने प्रस्तुत किए संघर्षरत व्यवसायों के पुनरुद्धार मॉडल

नशे की पूर्ति के लिए बंद कोठी में चोरी