लुधियाना के नामी 5 सितारा होटल में Raid, पूर्व कांग्रेस विधायक का है ये होटल

दोआबा न्यूज़लाइन

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के नामी होटल में आज सुबह रेड की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना के भाई वाला चौक स्थित फाइव स्टार होटल पार्क प्लाजा में आज सुबह बैंक टीमों ने पुलिस के साथ छापामारी की। बताया यह भी जा रहा है कि रेड के दौरान
कार्रवाई करते हुए बैंक अधिकारियों ने होटल के एक सैलून और कुछ कमरों को सील कर दिया है। अभी भी बैंक के आला अधिकारी अंदर ही मौजूद बताए जा रहे हैं।

वहीं होटल में चल रही इस रेड के दौरान मुख्य गेट पर पुलिस जवान तैनात हैं। हालांकि रेड और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद होटल का सामान्य कामकाज जारी रहने की बात सामने आई है। कहा यह भी जा रहा है कि होटल में गेस्ट्स की आवाजाही और अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। वहीं पार्क प्लाजा में रेड का कारण बैंक लोन बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार होटल पर करोड़ों रुपए का बैंक लोन और इसको लेकर बैंक के साथ विवाद चल रहा है, जिसके चलते बैंक द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

बताया जा रहा है कि बैंक के अधिकारी करीब तीन घंटे से होटल के अंदर मौजूद हैं और होटल प्रबंधन से लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक बैंक या पुलिस प्रशासन की तरफ से कार्रवाई की आधिकारिक वजह साफ नहीं की गई है। हालांकि अभी तक यह भी पता नहीं चल पाया है कि रेड किस बैंक द्वारा की गई है।

बताया जा रहा है कि पार्क प्लाजा होटल कांग्रेस के पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा का है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद खंगूड़ा कांग्रेस छोड़कर AAP में शामिल हो गए थे। हालांकि कुछ देर बाद वह फिर AAP को अलविदा कहते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए। अभी वह मलेरकोटला जिले की अमरगढ़ सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। कहा यह भी जाता है कि जब जस्सी खंगूड़ा ने AAP पार्टी जॉइन की थी तब वो अरविंद केजरीवाल के करीबियों में से एक माने जाते थे।

जानकारी के अनुसार लुधियाना का फाइव स्टार पार्क प्लाजा होटल जाने- माने होटलों में शामिल रहा है। यहां बड़े बड़े नामी लोग रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक इस होटल में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल समेत कई राजनीतिक हस्तियां ठहर चुकी हैं। इसके साथ ही यहां बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता अक्षय कुमार के भी ठहरने की जानकारी मिली है।

Related posts

अमृतसर पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के 3 बड़े नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

जालंधर के गढ़ा इलाके में मशहूर स्वीट शॉप में चोरी, दुकान का शटर तोड़ 92 हजार कैश ले उड़े चोर

जालंधर पुलिस ने हेरोइन, ड्रग मनी और गैर-कानूनी हथियारों के साथ पकड़ा एक व्यक्ति