जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित 75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन, ₹5,470 करोड़ की रेल व सड़क परियोजनाओं की दी सौगात
दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर दौरे के दौरान जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। उन्होंने अमृतसर-वाराणसी के बीच चलने वाली श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाई तथा पंजाब और देश के लिए करीब ₹5,470 करोड़ की रेल एवं सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों के साथ-साथ पंजाब की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और नशे के मुद्दे पर राज्य सरकार को निशाने पर लिया।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी में “कीवें हो पंजाबियो, चढ़दी कला च हो या नहीं?” कहकर की, जिससे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जालंधर आज विकास के एक नए अध्याय का साक्षी बन रहा है और केंद्र सरकार पंजाब के विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक के जीवन को आसान बनाना और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार “नागरिक देवो भवः” की भावना के साथ काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में नशा, गैंगवार और फायरिंग जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है तथा भ्रष्टाचार ने विकास की गति को प्रभावित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लाभ राज्य सरकार लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंचने दे रही।
राजनीतिक हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के विकास को नई गति देने के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी वादे पूरे नहीं किए गए और जनता की अपेक्षाओं पर सरकार खरी नहीं उतरी।
युवाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पंजाब के नौजवानों में अपार प्रतिभा है और जालंधर देश का प्रमुख खेल उद्योग केंद्र है। उन्होंने युवाओं से खेलों और नवाचार से जुड़कर राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पंजाब की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने गुरु रविदास जी, शहीद भगत सिंह तथा सरदार तेजा सिंह समुद्री को नमन करते हुए कहा कि देश उनके योगदान को सदैव याद रखेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, अमृतसर-वाराणसी श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक हिस्से का उद्घाटन तथा दक्षिणी लुधियाना बाईपास की आधारशिला रखी।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान हरे रंग की पगड़ी पहनकर पंजाब की कृषि परंपरा और किसानों के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया। उनके इस अंदाज की कार्यक्रम में विशेष चर्चा रही।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, तरुण चुघ, अश्विनी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी एवं सांसद परनीत कौर, राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, सुनील जाखड़, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।