दोआबा न्यूज़लाइन
विभिन्न सामाजिक और छात्र संगठनों ने जालंधरवासियों से की सहयोग की अपील
जालंधर: NEET पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रोटेस्ट दिन प्रतिदिन अति गंभीर होता जा रहा है। पंजाब सहित देशभर में इस पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शनकरी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया जा रहा है। इसी कड़ी में पंजाब के जालंधर में भी रोष देखने को मिल रहा है। दिल्ली में बेगुनाह छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 27 जुलाई दिन सोमवार को जालंधर बंद का ऐलान किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में विभिन्न सामाजिक और छात्र संगठनों की एक आपात मीटिंग बुलाई गई। मीटिंग में दिल्ली की घटना को निंदनीय बताते हुए प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के हक़ में आवाज उठाई गई। इस दौरान सभी संगठनों ने सर्वसम्मति से 27 जुलाई को जालंधर बंद रखने का फैसला लिया।
इस बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम जनता सेसहयोग करने की अपील भी की गई। बैठक में शामिल प्रमुख संगठनों में भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा (BM3), सतगुरु कबीर टाइगर फोर्स, सामाजिक इंसाफ काउंसिल, स्टूडेंट संघर्ष मोर्चा सहित कई अन्य जनहितैषी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। संगठनों का कहना है कि यह बंद शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और इसका उद्देश्य जंतर- मंतर पर स्टूडेंट्स पर हुए कथित लाठीचार्ज के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जाताना है।