आवारा कुत्तों के हमले में नर्सरी के मासूम समेत मां घायल, बच्चे के सिर में लगे टांके, लोगों ने नगर निगम पर उठाए सवाल

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला न्यू कमल विहार इलाके का है, जहां इनोसेंट हार्ट स्कूल के नर्सरी के छात्र और उसकी मां आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गए। घटना उस समय हुई जब मां अपने बेटे को स्कूल से लेने पहुंची थी। कुत्तों के पीछे पड़ने से दोनों एक्टिवा सहित सड़क पर गिर गए। हादसे में बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्चे के सिर पर टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्कूल से बच्चे को लेने आई थी मां

जानकारी के अनुसार जीटीबी नगर निवासी अकालदीप कौर अपने बेटे जस्किरत, जो इनोसेंट हार्ट स्कूल की नर्सरी कक्षा का छात्र है, को लेने के लिए न्यू कमल विहार स्थित स्कूल पहुंची थीं। स्कूल से घर लौटते समय अचानक कुछ आवारा कुत्ते उनकी एक्टिवा के पीछे दौड़ पड़े। कुत्तों से बचने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और एक्टिवा सड़क पर फिसल गई।

सड़क पर गिरने से बच्चे के सिर में आई गंभीर चोट

हादसे में मां और बेटा दोनों सड़क पर गिर पड़े। गिरने के कारण मासूम जस्किरत के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे के सिर पर टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। मां को भी गिरने से मामूली चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ रोष

घटना के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि न्यू कमल विहार और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम होने चाहिए, लेकिन इस दिशा में लापरवाही बरती जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई राहगीर, बुजुर्ग और बच्चे आवारा कुत्तों के हमले या उनके पीछे दौड़ने के कारण घायल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

कार्रवाई की मांग

इलाके के निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों, रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को लेकर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर भी मजबूर होंगे।

Related posts

अबोहर के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस

जालंधर में इन Medicine की बिक्री पर लगा बैन, CP ने जारी किए ये आदेश

जालंधर के न्यू रसीला नगर में पुलिस ने रेड कर पकड़ा अवैध शराब का जखीरा, अलग- अलग ब्रांड की 126 बोतलें जब्त