CIA स्टाफ जालंधर ग्रामीण की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 125 ग्राम हेरोइन सहित 1 नशा तस्कर गिरफ्तार

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: जालंधर ग्रामीण पुलिस को नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। सी.आई.ए. स्टाफ जालंधर ग्रामीण ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 125 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि उनके दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत एवं डीएसपी (जांच) लखविंदर सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सी.आई.ए. स्टाफ जालंधर ग्रामीण के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 28 जुलाई को नकोदर–मलसियां रोड स्थित संधू ढाबा के निकट गश्त एवं चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया गया।

पुलिस पार्टी को देखकर उक्त व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिस पर संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 125 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र रेशम सिंह निवासी आदर्श नगर, धर्मकोट, जिला मोगा के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना सिटी नकोदर, जिला जालंधर ग्रामीण में एफ.आई.आर. नंबर 130 दिनांक 28.07.2026 के तहत धारा 21(बी), 61 एवं 85 एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले ट्रक चालक के रूप में कार्य करता था तथा नशे का आदी है। उसने यह भी बताया कि वर्ष 2010 में जम्मू में उसके विरुद्ध 300 किलोग्राम पोस्त से संबंधित मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह लगभग 14 वर्ष की सजा काटकर करीब एक माह पूर्व ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद उसने पुनः नशा तस्करी का कार्य शुरू कर दिया और वह तरनतारन जिले से हेरोइन लाकर नकोदर एवं जालंधर क्षेत्र में सप्लाई करता था।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने आगे बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान बरामद हेरोइन के स्रोत, इसके खरीदारों तथा नशा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच की जाएगी। जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा नशा तस्करी से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार उनकी कुर्की एवं जब्ती की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts

Daily Horoscope: तुला राशिवालों को मिल सकते हैं नए अवसर, अन्य पढ़े राशिफल…

जालंधर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़े 2 शूटर, दो अवैध पिस्तौल और 02 जिंदा राउंड बरामद

सांसद अमृतपाल के समर्थकों का चंडीगढ़ में हल्ला बोल, CM आवास के लिए किया कूच