दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर गुरुवार देर रात दो कारों की टक्कर का मामला सामने आया। इस दौरान दोनों पक्षों में काफी बहसबाजी हुई और मौके पर भारी हंगामा देखने को मिला। लेकिन जब यह सब शांत हुआ तो थार चालक ने देखा कि उसकी गाड़ी में पड़े बैग की जीप खुली थी। थार चालक का आरोप है कि उसकी गाड़ी में पड़े बैग से 6 लाख रुपये गायब हैं। जिसके बाद पीड़ित कार चालक ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
वहीं घटना की सूचना पाकर थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना डिवीजन नंबर 6 के तहत श्री गुरु नानक मिशन चौक के पास एक दुकानदार की कार से पैसे निकालने के मामले में जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित विशाल कुंद्रा श्री गुरु नानक मिशन चौक से डॉ. बी. आर. अंबेडकर चौक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दूसरी कार में बैठे लोगों ने उनसे बहस की और उनकी कार की चाबी निकालकर कहीं फेंक दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी दौरान उन लोगों ने उनकी कार में रखे बैग से पैसे निकाल लिए और मौके से भाग गए।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने पुलिस टीमें बनाई हैं। घटना से जुड़े इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा टेक्निकल तरीकों और ह्यूमन रिसोर्स की मदद भी ली जा रही है। पुलिस टीमें दोषियों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं। दोषियों की पहचान होने के बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।