दोआबा न्यूजलाइन
मुंबई: बॉलीवुड गलियारों से एक बुरी खबर आई है। बताया जा रहा है कि रीमेक सॉन्ग कांटा लगा गर्ल एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का बीती रात 42 साल की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार बीती 27 जून की रात शेफाली को घर पर कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई। शेफाली की अचानक हुई मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार शेफाली की अचानक घर पर तबियत बिगड़ने के बाद बेहोशी की हालत में एक्ट्रेस को उनके पति और एक्टर पराग त्यागी बीती रात एक्ट्रेस को मुंबई के अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। हालाँकि उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है।
बता दें कि शेफाली जरीवाला का जन्म 15 दिसंबर 1982 को गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। उनके पिता का नाम सतीश जरीवाला और माता का सुनीता जरीवाला है। 2015 में शेफाली ने पराग त्यागी से शादी रचाई थी। दोनों हमेशा एक दूजे पर प्यार लुटाते नजर आते थे। मगर अब ये जोड़ी टूट गई है।
अगर बात करें शेफाली के करियर की तो उन्होंने 19 साल की उम्र में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से शुरुआत की थी, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इस गाने में उनके बोल्ड अंदाज और डांसिंग स्टाइल दोनों ने लोगों का ध्यान खींचा था। इसके बाद उन्होंने कुछ और म्यूजिक एल्बम्स और फिल्मों में काम किया। साल 2004 में वे सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी नजर आई थीं। वहीं शेफाली ने कई डांस रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया था। वहीं, वह नच बलिए में अपने पति पराग त्यागी के साथ नजर आई थीं। इसके साथ ही
उन्होंने 2019 में बिग बॉस 13 में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी, जहां उन्हें अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ अच्छा बॉन्ड शेयर करते देखा गया था।