दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के नकोदर रोड पर गांव सिंघा स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में कार और मोटरसाइकिल की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक 19 वर्षीय युवक विकास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक 15 वर्षीय अभिषेक गंभीर घायल बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक गांव सिंघा से मोटरसाइकिल पर सवार होकर लांबड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक आर्टिका कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे पंचायत सदस्य जिंदा ने बताया कि दोनों युवक गांव सिंघा के रहने वाले हैं। राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
वहीं एक्सीडेंट की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल र पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टेम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मौके पर पहुंचकर सड़क सुरक्षा पुलिस ने रास्ता खुलवाया। जबकि थाना लांबड़ा पुलिस ने कार और मोटरसाइकिल दोनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।