जालंधर: गुरु नानक पूरा में ROB के विरोध में सड़कों पर उतरे दुकानदार और लोग, कहा- सरकार विकास करे, विनाश नहीं

दोआबा न्यूज़लाइन

दुकानदारों ने बंद रखी मार्किट

जालंधर: जालंधर के गुरु नानक पूरा इलाके में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनने के फैसले के विरोध में स्थानीय दुकानदारों और मोहल्लावासियों ने एकजुट होकर सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर मौजूद दुकानदारों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान इलाके की पूरी मार्केट बंद रखी गई। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गुरु नानक पूरा में ओवरब्रिज की जगह अंडरब्रिज बनाया जाए, ताकि ब्रिज भी बन जाये और उनका रोजगार भी बना रहे।

धरने पर बैठे दुकानदारों का कहना है कि ओवरब्रिज बनाने से उनके कारोबार पर बहुत बुरा असर पड़ेगा और ग्राहकों का उनकी दुकानों तक आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। ओवरब्रिज बनने से दुकानें ख़त्म हो जाएंगी। जिससे लोगों के रोज़गार पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ओवर ब्रिज बनने से गोपाल नगर, अवतार नगर, गुरु नानक पूरा वेस्ट, चुगिट्टी, भारत नगर, कमल विहार और बशीरपुरा समेत कई इलाकों के रास्ते ब्लॉक हो जाएंगे और सिर्फ 8 फीट का रास्ता ही बचेगा। उन्होंने कहा कि ओवर ब्रिज बनने के कारण इमरजेंसी में रास्ते बंद होने या छोटे रास्ते होने के कारण एबुलेंस और यहां तक की श्मशान घाट जाने वाली बड़ी गाड़ियों का निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले पहले रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने गढ़ा और गुरुनानकपुरा ओवरब्रिज का उद्घाटन किया था। इस दौरान उनसे ओवरब्रिज की जगह अंडरब्रिज बनाने की अपील की गई थी।

वहीं दुकानदारों ने नंगलशामा रोड पर बने पुल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस पुल के बनने के कारण जहां 300 से अधिक दुकानदारों का कामकाज ठप हो गया था और कई घरों के में रास्ते बंद हो गए थे। उनका डर है कि गुरुनानक पुरा फाटक पर ओवरब्रिज बनने से उनकी दुकानें भी बंद हो जाएंगी, जिससे उनका कामकाज ठप हो जायेगा। दुकानदारों और इलाका निवासियों का आरोप है कि प्रशासन या सर्वे टीम ने निर्माण से पहले किसी दुकानदार या स्थानीय निवासी से कोई सलाह नहीं ली थी ।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अपील की है कि विकास ज़रूर किया जाए लेकिन लोगों को उजाड़ कर नहीं। ओवरब्रिज के बजाय यहाँ अंडरपास (Underpass) बनाया जाना चाहिए। जिससे लोगों का कारोबार और आवाजाही सुरक्षित रह सके।

Related posts

सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल में फैमिली स्पोर्ट्स डे का उत्साहपूर्वक आयोजन

HMV कॉलेज में नव शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत हवन-यज्ञ एवं दीक्षारंभ समारोह का आयोजन

इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ के साथ की नए सत्र की शुरुआत