जालंधर AAP नेता लकी ओबेरॉय हत्याकांड : कैमरे के सामने आकर नामजद दलबीरा ने किये कई खुलासे

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: जालंधर आप नेता लकी ओबेरॉय हत्याकांड मामले में एक ओर नया मोड़ आया है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में अब नामजद दलबीर सिंह उर्फ दलबीरा कैमरे के सामने आया है जहां उसने वीडियो बनाकर लोगों के सामने अपना पक्ष रखा है। दलबीर ने कैमरे के सामने खुद को बेगुनाह बताया है उसके अनुसार लकी की हत्या में उसका कोई हाथ नहीं है और उसे इस केस में राजनीतिक रंजिश के चलते केस में घसीटा गया है।

दलबीरा का कहना है कि आज तक कभी उसकी लक्की ओबेरॉय से न तो फोन पर बातचीत हुई थी और न ही किसी तरह का मेलजोल था। उसने यह भी आरोप लगाया है कि लक्की के भाई ने उस पर धमकी देने के झूठे आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसकी शशि शर्मा उर्फ बुद्धी के साथ पुरानी रंजिश है, जो लक्की का दोस्त बताया जाता है। दलबीरा ने बताया कि बुद्धी के साथ पहले मारपीट की घटना हुई थी और उसी दुश्मनी के चलते उनका नाम इस मामले में शामिल करवाया गया है। दलबीरा ने यह आरोप भी लगाया है कि शशि शर्मा ने ही लक्की के भाई को कहकर उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया है। उनके अनुसार अब पुलिस और परिवार वाले उस पर लक्की को धमकियां देने की बात कह रहे हैं जोकि सरासर गलत है। दलबीरा ने आगे कहा कि उसका किसी तथाकथित ‘प्रधानगी’ विवाद से कोई संबंध नहीं रहा।

दलबीरा के मुताबिक यह पूरा मामला आपसी विवाद का है और इसमें उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है। दलबीरा ने दावा किया है कि उसने 2 साल से आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह से दूरी बना ली है और शांतिपूर्ण अपना जीवन जी रहा है। लेकिन फिर भी बिना किसी सबूत के उसे गैंगस्टर कहा जा रहा है। उसने कहा कि जब किसी का नाम हत्या मामले में दर्ज किया जाता है उसके बारे में काफी एनक्वायरी होती है। लेकिन मुझे तो बिना जांच पड़ताल के ही गैंगस्टर ऐलाना गया है, इसमें कोई क्या एनक्वायरी करेगा। उन्होंने कहा कि है कि इस बात का पुलिस को भी पता है कि मेरा नाम जानबूझकर इस केस में शामिल किया गया है और मेरे पर गलत एफआईआर दर्ज की गई है।

दलबीरा ने आगे यह भी कहा कि क़त्ल जैसी गंभीर धारा 302 में किसी व्यक्ति का नाम बिना ठोस जांच के लिख देना सरासर गलत है। इस वीडियो में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ लोग बाहर बैठकर धमकियां देते हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माहौल भड़काते हैं, जिसके चलते उन जैसे बेगुनाह लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।

जालंधर लक्की ओबरॉय हत्याकांड: परिवार ने DGP पंजाब को पत्र लिख मांगी सुरक्षा

जालंधर में आप नेता लक्की ओबरॉय की गोलियों से भून कर बेरहमी से हुई हत्या मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार लक्की के परिवार ने पंजाब के डी.जी.पी. से सुरक्षा की मांग की है। दरअसल परिजनों का कहना है कि लक्की की हत्या के बाद उनके परिवार के लोगों को लगातार धमकियों भरे कॉल आ रहे हैं। इन धमकी भरी कॉल के आने से पूरा परिवार डर के साये में जीने को मजबूर हुआ पड़ा है।

जानकारी के अनुसार लकी ओबरॉय के परिवार ने एक लिखित शिकायत में डी.पी.पी. को आवेदन दिया है। जिसमें उन्होंने कहा कि लक्की की हत्या के बाद से केस से जुड़े अहम गवाहों और परिवार के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। परिवार का यह आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोग मामले को कमजोर करने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि असली आरोपियों तक पहुंचा न जा सके।

परिजनों के अनुसार उन्हें देश और विदेश से धमकी भरे फोन कॉल्स मिल रहे हैं, जिनमें केस को आगे न बढ़ाने और चुप रहने की लगातार बात कही जा रही है।परिवार का कहना है कि हो सकता है कि यदि समय रहते उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई तो कोई भी अप्रिय घटना भी उनके साथ घट सकती है।

वहीं परिवार ने पत्र में यह भी कहा कि वह स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और उन्हें शक है कि किसी दवाब के कारण मामले की जांच प्रभावित हो रही है। इसलिए अब परिवार ने DGP से मांग की कि केस की जांच को और तेज किया जाए, सभी नामजद और संदिग्ध आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए तथा मामले से जुड़े कॉल डिटेल्स, विदेशी नंबरों और डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच करवाई जाए। वहीं परिवार का यह कहना है कि उनका अब एक ही मकसद है कि वो है लकी ओबरॉय के दोषियों को सजा दिलाना।

पंचतत्व में विलीन AAP नेता लक्की ओबरॉय, परिवार ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

पंजाब के जालंधर में बीते दिन हुई AAP नेता लक्की ओबरॉय की हत्या के बाद आज मॉडल टाउन स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लक्की ओबेरॉय के 8 साल के बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। परिवार का रो -रो कर बुरा हाल था। शमशान भूमि में परिजनों के आलावा भारी संख्या में आप नेता के चाहने वाले उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

वहीं इस दुःख की घड़ी में आप पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित अन्य पार्टियों के नेता भी पार्टीबाजी छोड़ परिवार के साथ खड़े होने के लिए और लक्की ओबेरॉय को अंतिम विदाई देने पहुंचे।

जालंधर AAP नेता मर्डर केस: हत्या के बाद से घर का नौकर गायब, आज होगा मृतक का अंतिम संस्कार

जालंधर में बीते दिन सुबह आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की 2 अज्ञात एक्टिवा सवार हमलावरों ने गोलियों से भून कर हत्या कर दी थी। इस हत्या मामले में अब शक की सुई घर के एक नौकर पर भी गई है। दरअसल लकी के निधन के बाद से नौकर अचानक घर से गायब हो गया है और उसका फोन भी बंद जा रहा है। वहीं अब एक सफेद एक्टिवा और क्रेटा गाड़ी की नई सीसीटीवी सामने आई थी। जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि क्रेटा कार को लकी का ड्राइवर शिंगरी चला रहा है। शक यह भी है कि ड्राइवर ने ही हत्या से पहले रेकी की थी।

कहा जा रहा है कि आप नेता लकी ने एक बार नशा करने पर नौकर शिंगरी की पिटाई की थी। पुलिस ने परिवार के बयानों पर बीते दिन पुलिस स्टेशन डिवीजन-6 में FIR दर्ज कर ली है। मौत के करीब 12 घंटे बाद बीती रात सिविल अस्पताल में 3 डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट के अनुसार लकी के शरीर से 5 गोलियां निकाली गईं, जिनमें से 1 गोली गले में राइट साइड, 2 पेट में राइट साइड और 2 सीने में लगी थीं। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि गोलियां शरीर के काफी अंदर तक धंसी हुई थीं, जिसके कारण उन्हें निकालने में काफी समय लगा।

आप नेता लकी ओबेरॉय का अंतिम संस्कार आज शनिवार को मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में दोपहर 1 बजे किया जाएगा।

जालंधर AAP नेता मर्डर केस: CCTV फुटेज में दिखे एक्टिवा सवार 2 आरोपी

जालंधर के पॉश एरिया मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आज सुबह आप नेता लक्की ओबेरॉय को गोलियों भून कर हत्या कर दी गई। इस मामले में ताजा जानकारी निकल कर सामने आ रही है कि लक्की ओबेरॉय पर फायरिंग करने वाले हमलावरों की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तस्वीर सामने आई है।

वहीं वारदात के कुछ घंटे बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार 2 संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनके चेहरे ढके हुए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। वहीं शेरू गैंग से जुड़े व्यक्ति जस्स भुट्टर द्वारा पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में कॉलेज प्रधानगी को लेकर पुराने फैसलों और विवादों का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस मामले में जांच सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और आपसी रंजिश के एंगल से की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Breaking: जालंधर में सुबह-सुबह गुरुद्वारा साहिब के बाहर AAP नेता लकी ओबेरॉय पर हुई Firing, मौ+त

जालंधर शहर से आज सुबह बड़ी दुखदाई और चिंताजनक खबर सामने आई है। जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग की, जिसमें लकी ओबेरॉय को पांच गोलियां लगने की सूचना है। कहा जा रहा है कि घटना के बाद परिवार के सदस्य उन्हें पहले गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धार्मिक स्थल के बाहर हुई इस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहला दिया, बल्कि जालंधर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं, इलाके को सील किया गया और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। लकी ओबेरॉय को कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा का करीबी बताया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस घटना के बाद हलचल तेज हो गई है। जानकारी यह भी है कि लकी ओबेरॉय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

इस वारदात ने एक बार फिर पंजाब में बढ़ते अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क की ओर ध्यान खींचा है। सवाल यह है कि अगर सत्ताधारी दल से जुड़े लोग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल है? जालंधर जैसे बड़े शहर में दिनदहाड़े फायरिंग ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर और गुस्सा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।

Related posts

जालंधर के अवतार नगर में दूकान में हुई चोरी , दो गिरफ्तार

शिव मंदिर भोले भंडारी अटारी बाजार कमेटी की तरफ से भंडारे का आयोजन

कमिश्नरेट पुलिस जालंधर को मिली बड़ी कामयाबी