जालंधर में चुनाव प्रचार में गायक से लेकर लग्जरी गाड़ियों तक का खर्च तय, चुनाव आयोग रखेगा पैनी नजर

दोआबा न्यूज़लाइन

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 244 वस्तुओं और सेवाओं की दरें निर्धारित

जालंधर: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों की ओर से किए जाने वाले प्रचार, रैलियों, जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों पर होने वाले खर्च का पूरा हिसाब रखा जाएगा। इसके लिए मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय, पंजाब की ओर से चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाली 244 वस्तुओं और सेवाओं की दरें निर्धारित कर दी गई हैं।

देखें List

चुनाव आयोग द्वारा जारी सूची में प्रसिद्ध गायकों को बुलाने से लेकर लग्जरी गाड़ियों, ड्रोन कैमरों, एलईडी प्रचार वाहनों और चुनावी कार्यालयों के किराये तक का खर्च तय किया गया है। यानी अब चुनावी रैली में मनोरंजन से लेकर प्रचार के हर साधन का खर्च प्रत्याशी के चुनावी खाते में दर्ज होगा। चुनावी रैलियों में भीड़ जुटाने और माहौल बनाने के लिए आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोग की निगरानी में रहेंगे। निर्धारित दरों के अनुसार किसी प्रसिद्ध गायक को एक कार्यक्रम में बुलाने पर 2.75 लाख रुपये का खर्च प्रत्याशी के चुनावी खाते में जोड़ा जाएगा, जबकि स्थानीय गायक के लिए 30 हजार रुपये की दर तय की गई है। इसी तरह वाद्य यंत्रों सहित साउंड सिस्टम का किराया 14 हजार रुपये और बिना वाद्य यंत्रों के 4,500 रुपये निर्धारित किया गया है। ढाडी जत्थे के लिए 5,100 रुपये, ढोल-ताशे के लिए 900 रुपये प्रतिदिन तथा बैंड और गतका दल के प्रत्येक सदस्य के लिए 700 रुपये प्रति कार्यक्रम का खर्च जोड़ा जाएगा।

इसके साथ ही रैली में मंच तैयार करने और सजावट पर होने वाले खर्च की दरें भी तय की गई हैं। 20×20 फीट के मुख्य मंच का किराया 3,300 रुपये और कलाकारों के मंच का किराया 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रचार के दौरान इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों के लिए भी आयोग ने दरें निर्धारित की हैं। ऑडी, फॉर्च्यूनर, बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी गाड़ियों का किराया 1,800 रुपये प्रतिदिन तय किया गया है। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से चुनावी गतिविधियों की वीडियोग्राफी करवाने पर 1,100 रुपये प्रति घंटा खर्च जोड़ा जाएगा। प्रचार के आधुनिक साधनों में 22×7 फीट के एलईडी प्रचार वाहन का खर्च ईंधन सहित 32 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। वहीं आकाश गुब्बारे के लिए 23 हजार रुपये, ई-रिक्शा के लिए 2,750 रुपये और चार सीसीटीवी कैमरों के सेटअप के लिए 2,200 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई है।

वहीं चुनावी बैठकों, जनसभाओं और कार्यालयों के लिए इस्तेमाल होने वाली जगहों के किराये को भी दर सूची में शामिल किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में विवाह भवन का एक दिन का किराया 26 हजार रुपये, अर्ध-शहरी क्षेत्र में 49 हजार रुपये और शहरी क्षेत्र में 65 हजार रुपये तय किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में चुनावी कार्यालय का मासिक किराया 6 हजार रुपये और शहरी क्षेत्र में 12 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

कुल मिलाकर चुनाव आयोग की इस दर सूची के जरिए विधानसभा चुनाव 2027 में प्रत्याशियों के प्रचार पर होने वाले खर्च का आकलन एक निर्धारित पैमाने पर किया जाएगा। रैलियों में कलाकारों की प्रस्तुति, लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल, प्रचार के आधुनिक साधन और चुनावी कार्यालयों तक के खर्च को चुनावी हिसाब में शामिल किया जाएगा। इससे चुनाव खर्च की निगरानी करने वाली टीमों को प्रत्याशियों के वास्तविक प्रचार खर्च का आकलन करने में मदद मिलेगी।

Related posts

जालंधर के पॉश एरिया में दिनदिहाड़े महिला के साथ स्नैचिंग, सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी

विधानसभा चुनाव से पहले जालंधर में डेरा ब्यास प्रमुख की सियासी नेताओं से मुलाकातें चर्चा में

जालंधर नॉर्थ में विकास की झड़ी, 1.72 करोड़ के विकास कार्यों का मेयर ने किया उद्घाटन