जालंधर में रिश्तेदार से बदला लेने की चाह में एक पिता ने ले ली अपने ही 6 साल के बेटे की जान, माँ की शिकायत पर आरोपी पिता गिरफ्तार

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: पंजाब के जालंधर में एक पिता अपने एक रिश्तेदार से अपनी बेइज्जती का बदला लेने के लिए अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे की जान से खेल गया। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर देहात के थाना पतारा के अधीन पड़ते गांव हजारा में एक व्यक्ति द्वारा जहरीला बिस्कुट खिलाकर अपने 6 साल के बच्चे की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया था। मृतक बच्चे की पहचान रूपेश के तौर पर हुई है।

मृतक बच्चे की तस्वीर

मिली जानकारी के अनुसार मां ममता देवी ने जब बच्चे के हाथ में जहरीले बिस्कुट देखे और उसकी तबियत बिगड़ती देखी तो वह बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर रैफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचे तो डाक्टरों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की माँ का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या उसके पति गजेन्द्र मुखिया ने ही की है।

जिसके बाद माँ ने थाने में बच्चे की हत्या की शिकायत अपने पति के खिलाफ दर्ज करवाई। वहीं एस.एच.ओ. पतारा ने बताया कि पुलिस ने मृतक बच्चे रूपेश की मां ममता देवी के बयानों पर आरोपी पिता गजेन्द्र मुखिया निवासी मूल रूप से गांव मत्करचक्क थाना बिहारीगंज जिला मद्देपुरा बिहार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत 11 नंबर एफ.आई.आर. दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा अब आरोपी गजेन्द्र को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि रूपेश की हत्या को लेकर उससे और पूछताछ की जा सके।

पुलिस जांच में आरोपी ने कबूला है कि उसने यह सब अपने जीजा को फंसाने के लिए किया था। इसलिए उसने बाजार से कोई जहरीली दवाई लेकर बिस्कुटों पर लगा दी थी। गजेन्द्र ने कहा कि वह अपने बच्चे को जान से नहीं मारना चाहता था। सिर्फ उसे थोड़ी सी जहरीली दवाई देकर यह आरोपी अपने जीजा पर लगाना चाहता था ताकि वह उसे फंसाकर अपना पुराना बदला ले सके। थाना प्रमुख पतारा ने कहा कि गजेन्द्र ने कुछ समय पहले अपने जीजा के घर से गहने चोरी किए थे और यह मामला उसने पुलिस के पास पहुंचा दिया था। इस मामले में गजेन्द्र के माफी मांगने पर उसे छोड़ भी दिया गया था लेकिन इसके बावजूद भी गजेन्द्र जीजा के साथ रंजिश रखता था। उसने सोचा हुआ था कि वह समय आने पर अपने जीजा को सबक जरूर सिखाएगा।

वहीं पुलिस ने मृतक बच्चे रूपेश के शव का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर उसका शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts

जालंधर में ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई, धीना गांव में ड्रग तस्कर की गैर-कानूनी प्रॉपर्टी ध्वस्त

APJ स्कूल, रामा मंडी के छात्र साहिबजोत ने ओपन चेस टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन

DAVIET के NSS डिपार्टमेंट ने ऑर्थोनोवा अस्पताल के साथ मिलकर लगाया ब्लड डोनेशन कैंप