दोआबा न्यूज़लाइन
फिरोजपुर: पंजाब सहित पूरे उत्तर भारत में पड़ रहे घने कोहरे के चलते रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परिचालन एवं संरक्षा से जुड़े कर्मचारियों जैसे स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, ट्रेन मेनेजर, कांटेवाला, गेटमेन, ट्रैकमेन, ट्रैक के रख-रखाव स्टाफ, सीग्नल और टेलिकॉम के स्टाफ आदि के बीच सतर्कता बनाए रखने हेतु अधिकारी स्तर पर रात्रिकालीन निरीक्षण प्रतिदिन किए जा रहे हैं। इन निरीक्षणों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ट्रेन संचालन निर्बाध, सुरक्षित एवं संरक्षित रूप से किया जा सके।
फिरोजपुर मंडल में संरक्षा से जुड़े कर्मचारियों की सतर्कता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोहरे के मौसम के दौरान रात्रिकालीन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के दौरान व्यापक रात्रिकालीन निरीक्षण अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न विभागों में कुल 61 अधिकारियों द्वारा रात्रि 12 बजे से प्रातः 4 बजे के मध्य लगभग 190 निरीक्षण किए गए।
वहीं इन रात्रिकालीन निरीक्षणों के दौरान कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, समयपालन एवं सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए गए। फिरोजपुर मंडल कोहरे के दौरान सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है।