जालंधर में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए कल सुबह रवाना होगी साइक्लोथॉन

दोआबा न्यूज़लाइन

DC ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप, जालंधर वासियों को साइक्लोथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का दिया न्योता

जालंधर: पंजाब सरकार द्वारा नशे को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू की गई ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम के तहत जिला प्रशासन द्वारा ए.पी.जे. स्कूल के सहयोग से आयोजित की जा रही ‘साइक्लोथॉन 4.0’ 18 अप्रैल को सुबह 6 बजे रवाना होगी। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया द्वारा आज साइक्लोथॉन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में इस संबंध में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि साइक्लोथॉन के रूट पर उचित ट्रैफिक व्यवस्था, मोड़ों पर साइनेज, पीने के पानी की व्यवस्था, आवश्यक मेडिकल टीमों तथा एंबुलेंस की तैनाती आदि सहित अन्य जरूरी इंतजाम पुख्ता होने चाहिए, ताकि साइक्लोथॉन में भाग लेने वालों को कोई असुविधा न हो। इस मौके पर एडीसी (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. तथा ए.डी.सी. (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैनी भी मौजूद थे।

डीसी वरजीत वालिया ने आगे कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ पहल के तहत करवाई जा रही गतिविधियों के हिस्से के तौर पर यह आयोजन किया गया है। राज्य सरकार की नशे को जड़ से खत्म करने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से नशे के खिलाफ एक मजबूत जन लहर खड़ी करना और युवाओं को नशा मुक्त स्वस्थ जीवन शैली की ओर प्रोत्साहित करना है। उन्होंने नशे के खिलाफ एकजुटता का आह्वान करते हुए जालंधर वासियों से साइक्लोथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि साइक्लोथॉन तीन श्रेणियों में आयोजित की जा रही हैं – 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर। इसकी शुरुआत स्थानीय ए.पी.जे. स्कूल, मॉडल टाउन (गीता मंदिर के पास) से सुबह 6 बजे होगी। समारोह के दौरान नशों के खिलाफ शपथ भी दिलाई जाएगी।

वहीं 21 किलोमीटर साइक्लोथॉन ए.पी.जे. स्कूल मॉडल टाउन से शुरू होकर गीता मंदिर, ई.डी. दफ्तर, बिट्टू परदेसी, शहीद मेजर कपिल विनायक चौक, ताज फास्ट फूड (अर्बन एस्टेट-2), हवेली-कयूरो रोड, व्हाइट डायमंड, सी.टी. शाहपुर कैंपस होते हुए वापस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी।

इसी प्रकार 10 किलोमीटर साइक्लोथॉन उपरोक्त रूट तय करते हुए व्हाइट डायमंड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी। जबकि 5 किलोमीटर साइक्लोथॉन भी इसी रूट से गुजरेगी और ताज फास्ट फूड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पर समाप्त होगी।

बैठक में एस.डी.एम. नवदीप सिंह तथा एस.डी.एम. शायरी मल्होत्रा के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और ए.पी.जे. स्कूल के प्रिं. डॉ. राजेश चंदेल, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल भी मौजूद थे।

Related posts

जालंधर के नामी स्कूल के बाहर छात्र पर हमला, गंभीर घायल छात्र, परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लगाए पल्ला झड़ने के आरोप

7 साल लाइव इन में रहने के बाद खाया धोखा, महिला ने वीडियो बनाकर पिया जहर, पूर्व सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप

जालंधर के कपूरथला चौक पर भयानक हादसा, तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, कार के उड़े परखच्चे