दोआबा न्यूज़लाइन
पंजाब के स्कूलों में ऑनलाइन ट्रैकर सिस्टम शुरू
चंडीगढ़ : पंजाब के सरकारी स्कूलों में आज से ऑनलाइन अटेंडेंस ट्रैकर सिस्टम लागू किया गया है। इस सिस्टम के तहत अब सरकारी स्कूलों में बच्चों के गैरहाजिर रहने पर उनके अभिवावकों के पास मैसेज जाएगा। इसके साथ ही अगर बच्चा तीन दिन से ज्यादा दिन के लिए स्कूल नहीं आता है तो स्कूल की तरफ से पेरेंट्स को सीधा कॉल की जाएगी। वहीं शिक्षा मंत्री ने यह दावा किया है कि 15 दिन तक लगातार गैरहाजिर रहने के बाद जिला व फिर मुख्यालय के अधिकारी पेरेंट्स से बात करेंगे। इस सिस्टम को पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज लॉन्च किया है।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस पहले से स्कूली बच्चों की सिक्योरिटी भी मजबूत होगी। इसमें सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सारे स्टूडेंट्स कवर होंगे। सरकारी स्कूलों में करीब 30 लाख स्टूडेंट्स पढ़ते हैं। वहीं समर्थ प्रोजेक्ट लॉन्च किया गया है।
शिक्षा मंत्री बैंस ने बताया कि 2022 में जब वह मंत्री बने थे तो उन्हें पता चला था कि सितंबर-अक्टूबर तक किताबें स्कूलों में नहीं पहुंचती थीं और फोटोस्टेट से बच्चों को पढ़ाया जाता था। लेकिन आम आदमी की सरकार के आते ही सरकारी स्कूलों के सिस्टम में सुधार आ गया। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा योजना बनाकर काम किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि इस बार फरवरी में ही किताबें स्कूलों तक पहुंचाई गईं। इसके बाद अब प्राइवेट स्कूलों की तरह किताबों के बंडल बनाकर एक अप्रैल को बच्चों को सौंपे गए हैं, जिससे अब बच्चों को पढ़ाई में कोई दिक्कत परेशानी नहीं होगी।
बताते चलें कि शिक्षा विभाग दावा करता है कि परख 2024 सर्वे में पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में नंबर एक स्थान पर रहा है। पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों के बाद अब मिशन समर्थ के अगले चरण का शुभारंभ किया गया है। विभाग के अनुसार पिछले 4 वर्षों के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार आए हैं और स्कूलों में कई नई पहलें शुरू की गई हैं, जिनके पॉजिटिव नतीजे मिल रहे हैं।