दोआबा न्यूज़लाइन
कहा- वाराणसी से 594 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, 12 जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
वाराणसी/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत प्राप्त कर परचम लहराएगी। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के दम पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत कर रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता का यह समर्थन भविष्य में भी भाजपा के पक्ष में दोहराया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को वाराणसी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 594 किलोमीटर लंबे बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रदेश के 12 जिलों को सीधे तौर पर जोड़ते हुए व्यापार, परिवहन, उद्योग तथा रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पूर्वांचल और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक उत्थान की मजबूत रीढ़ साबित होगा। इससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, उद्योगों को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल करने के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर भी तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को गुमराह करने, भ्रम फैलाने और विकास कार्यों में बाधा डालने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन अब देश की जनता ऐसी राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है। जनता विकास चाहती है, स्थिरता चाहती है और राष्ट्रहित में निर्णय लेने वाली सरकार चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश ने जो परिवर्तन देखा है, वह अभूतपूर्व है। गांव-गांव तक सड़क, घर-घर बिजली, गरीबों के लिए आवास, महिलाओं के लिए सुरक्षा और युवाओं के लिए अवसर- यह सब भाजपा सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगी।
अपने वाराणसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना भी की तथा देश और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें हर बार जनसेवा के लिए नई प्रेरणा देती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास और विरासत- यही डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी पहचान है। एक ओर आधुनिक सड़कों, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को भी नए स्वरूप में संवारा जा रहा है। काशी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।