दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर : PAP कैंपस में लगातार कूड़ा जलाए जाने से फैल रहे गंभीर प्रदूषण और जन-स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर भाजपा नेता इंजी. चंदन रखेजा ने इलाका निवासियों के साथ डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में बताया गया कि PAP कैंपस खुला क्षेत्र होने के साथ रेलवे लाइनों के नजदीक स्थित है, जबकि इसकी सीमा दीवार से सटे एकता नगर और रामामंडी जैसे घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके हैं। पिछले कई दिनों से कैंपस के अंदर कूड़ा जलाने के कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, विशेषकर रात के समय जलाए जा रहे कचरे का धुआं घरों के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों को आंखों में जलन, गले में संक्रमण और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो रही हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि एकता नगर के एक एनआरआई निवासी को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाना पड़ा।
भाजपा नेता चंदन रखेजा ने कहा कि एक ओर सरकार पराली जलाने के खिलाफ सख्त निर्देश और जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम कूड़ा जलाया जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। इससे आम लोगों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर मंडल महासचिव गुरमीत सिंह, भाजपा नेता नवीन प्रभाकर, मंडल सचिव संदीप पठानिया, करन शर्मा तथा अन्य स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे।