दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के पटेल चौक स्थित साई दास स्कूल ग्राउंड में श्री बांके बिहारी भागवत प्रचार समिति (रजि) के तत्वावधान से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास विश्व विख्यात कथा वाचक एवं प्रसिद्ध संत आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से श्रीमद् भागवत महापुराण का अध्यात्मिक संदेश देकर मंत्रमुग्ध किया। श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन भी काफी श्रद्धालु श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ इस महा यज्ञ में शामिल हुए।
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी महाराज ने श्रीमद् भागवत की महिमा पर प्रवचन देते हुए कहा कि भगवान को न कोई प्रिय है, न अप्रिय, वे सभी प्राणियों के आत्मा हैं और इसलिए वह सबके प्रियतम हैं। आगे उन्होंने प्रवचन करते हुए बताया कि भागवत कथा का श्रवण पापों से मुक्ति का माध्यम माना गया है और जहां कथा होती है, वहां भगवान की उपस्थिति का भाव रहता है।
उन्होंने आगे प्रवचन देते हुए कहा कि भगवन्नाम जप को कष्टों के नाश से जोड़ा और कहा कि भगवत कृपा के बिना कुछ संभव नहीं है। उन्होंने जीवन के दो मार्ग-दमन और उदारीकरण का उल्लेख करते हुए दोनों में अधोगामी वृत्तियों के त्याग को आवश्यक बताया। वहीं सत्कर्म के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कर्म ही प्रधान है, आप जैसा कर्म करोगे, वैसा ही फल पाओगे” वचन का उल्लेख किया। इसके साथ ही आचार्य जी ने गोकर्ण और धुंधकारी प्रसंग के माध्यम से कथा श्रवण को मोक्ष का साधन बताया।
इस भगवत कथा में पहुंचे शहरवासियों ने आचार्य जी के प्रवचनों का खूब आनंद लिया और उनकी मधुर वाणी में गाये श्री कृष्ण जी के भजनों ने कथा सुनने आए सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध किया।
इस भव्य आयोजन में यशपाल चौधरी, अभिषेक चौधरी, सुनील नय्यर, उमेश औहरी, संदीप मलिक, चंदन वडेरा, ब्रिज मोहन चड्ढा, महेश मखीज, अंकुश जुनेजा, अश्वनी कुमार (आशू), संजय सहगल, हेमंत थापर, राजवंश मल्होत्रा, देवेंद्र अरोड़ा, रिंकू मल्होत्रा, बलविंदर शर्मा, सोनू चोपड़ा, सुमित गोयल, पंडित कपिल देव शर्मा, संदीप कुमार, भूपेंद्र सिंह (बिल्ला), तरुण सरीन, जितेंद्र सोनू, राजेश बीगामल, तरसेम रिंकू, अरुण मल्होत्रा, राहुल शर्मा और राहुल बाहरी उपस्थित रहे।