दोआबा न्यूज़लाइन
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर तड़के सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पर आज तड़के सुबह एक बस से उतर कर साइड पर खड़े यात्रियों को एक तेज रफ़्तार कंटेनर ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 6 की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घटना तड़के सुबह करीब 2.45 की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने ड्राइवर को बाथरूम जाने के लिए बस रोकने को कहा। वहीं ड्राइवर ने ग्रीन जोन की बजाय यमुना एक्सप्रेस-वे पर रास्ते में बस रोक दी। बस रुकने पर कुछ यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर कंटेनर यात्रियों पर चढ़ा दिया। वहीं घटना के बाद मौका पाकर कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को भी पोस्टमॉर्टम के लिए भिलवा दिया। हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन-88 के पास हुआ।