दोआबा न्यूज़लाइन
लुधियाना : लव मैरिज का ऐसा अंजाम जिसने रोंगटे खड़े कर दिए। जहां पति ने अपनी पत्नी को जिन्दा जला दिया। पंजाब के लुधियाना में
पहले युवक ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा और फिर उसके शरीर पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी। महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई है। फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली मुस्कान ने अर्जुन के साथ परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी।
इस शादी में दोनों की एक बेटी हुई। लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही विवाद रहने लगा और मुस्कान को अपनी बेटी के साथ मायके में जाकर रहना पड़ा। बाद में पति के मनाने पर वह दोबारा उसके पास चली गई। इसके बाद दोनों पंजाब आ गए और लुधियाना के गांव पद्दी में किराए के मकान में रहने लगे। मुस्कान के पारिवारिक सदस्यों के मना करने के बाद भी पति के घर जाने पर लड़की के पिता नाराज थे, और बाप बेटी में बातचीत बंद हो गई थी।
बताते चलें कि 14 अक्टूबर की रात शराब के नशे में अर्जुन ने मुस्कान के साथ मारपीट की और उस पर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद उसने लोगों को बताया कि खाना बनाते समय पत्नी के पैर से डीजल गिरने के कारण आग लगी। हालांकि, ग्वालियर पहुंचने के बाद मुस्कान ने डॉक्टर और पुलिस को पूरी सच्चाई बता दी। पिता की शिकायत पर लुधियाना के थाना डेहलों में आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, जांच में ससुराल पक्ष के किसी अन्य सदस्य की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।