संस्कृति KMV स्कूल में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: शहर के संस्कृति के.एम.वी. स्कूल में सी.बी.एस.ई. द्वारा समर्थित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से आजादी के 79वें गौरवशाली वर्षों की स्मृति में भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। “विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति” विषय को ध्यान में रखते हुए इस अभियान ने वि‌द्यार्थियों को रचनात्मकता, देशभक्ति और कृतजता की भावना के साथ राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।

यह आयोजन उस समय और भी विशेष बन गया, जब नन्हें देशभक्तों ने मासूमियत और आत्मविश्वास के साथ महान स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण किया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने कला एवं शिल्प गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इनमें ‘प्राउड इंडियन’ 3-डी क्राउन, वॉल हैंगिंग्स, पर्यावरण जागरुकता ब्रोशर, स्वतंत्रता दिवस की थीम पर आधारित बुकमार्क, बैज, बैंड और शुभकामना कार्ड बनाना शामिल था। विद्यार्थियों ने सशस्त्र बलों और पुलिसकर्मियों के लिए धन्यवाद संदेश एवं कार्ड भी तैयार किए, जिनमें देश की रक्षा के लिए उनके साहस, समर्पण और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

वहीं स्कूल का प्रांगण देशभक्ति के रंग में रंग गया, जब विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों में 1947 से वर्तमान समय तक भारत की विकास यात्रा, राष्ट्रीय प्रतीकों तथा भ्रष्टाचार मुक्त भारत की झलक प्रस्तुत की गई। इन सभी गतिविधियों ने मिलकर इस आयोजन को देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि तथा युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के सपनों की अभिव्यक्ति बना दिया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्कूल प्रधानाचार्या रचना मोंगा ने कहा, “तिरंगा हमारे पूर्वजों के बलिदानों, हमारी एकता की शक्ति और उभरते हुए भारत की आशाओं का प्रतीक है। आइए, अपने भीतर साहस, संवेदना और ईमानदारी के मूल्यों को बनाए रखते हुए अपनी स्वतंत्रता का सम्मान करें। हमारे युवाओं की दृष्टि, ऊर्जा और मूल्य ही ‘विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे।”

Related posts

जालंधर के बबरीक चौक के पास 2 युवक महिला के कान से टॉप्स झपटकर भागे, पोते के साथ स्कूटी पर जा रही थी महिला

सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की छात्रा सृष्टि का थल सैनिक कैंप, नई दिल्ली के लिए चयन

इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप के नन्हे-मुन्नों से युवा पीढ़ी तक सभी ने देशभक्ति के उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस