दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर/क्राइम)
जालंधर : जालंधर – लुधियाना हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से एक्टिवा पीछे से जा टकराई। मृतक की पहचान फिल्लौर निवासी हेमंत कुमार के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद व्यक्ति ने बताया कि वह जालंधर की ओर से आ रहा था, तभी हाईवे पर अचानक जाम दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि खड़े ट्रक में एक्टिवा की टक्कर हुई है। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा जालंधर–लुधियाना हाईवे पर संपूर्णा फैक्टरी के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधेरा और सड़क किनारे खड़े ट्रक के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।