दोआबा न्यूजलाइन
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने स्कूल के लिए किए अपने प्रयासों के बल पर देश में अपने स्कूल जिले ही नहीं बल्कि पंजाब का नाम भी रोशन किया है। जानकारी के अनुसार के लुधियाना के जंडियाली स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के हेड टीचर नरिंदर सिंह अपनी अनूठी पहलों और समर्पण से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुने गए हैं।
दरअसल केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को घोषित सूची में नरिंदर सिंह का नाम राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुने गए शिक्षकों की सूचि में शामिल किया है। नरिंदर सिंह इस साल के पंजाब से यह सम्मान पाने वाले एकमात्र शिक्षक हैं। यह पुरस्कार नरिंदर सिंह को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 5 सितंबर, शिक्षक दिवस पर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि नरिंदर सिंह ने सरकारी स्कूलों की परंपरागत छवि को बदलने के लिए कई कदम उठाए। उन्होंने 2008 में सरकारी प्राइमरी स्कूलों में पहला समर कैंप शुरू किया, जो शिक्षा प्रणाली के लिए एक नई मिसाल बना। जब 2006 में उन्होंने यह स्कूल जॉइन किया था, तब यहां सिर्फ 3 कमरे और 174 छात्र थे। आज उनके नेतृत्व में स्कूल में 800 छात्र और 15 एयर-कंडीशन्ड स्मार्ट क्लासरूम हैं।
उनकी इसी लगन और प्रयासों के लिए उन्हें 2012 में राज्य पुरस्कार से नवाजा गया था। लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर यह पहचान उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए नरिंदर सिंह ने कहा कि मैं हमेशा चाहता था कि मेरे छात्र न केवल शैक्षणिक रूप से बल्कि नैतिक मूल्यों के साथ भी आगे बढ़ें। मोबाइल और ओपन लाइब्रेरी से लेकर ‘ईमानदारी की दुकान’ तक, जहां बच्चे बिना दुकानदार के स्टेशनरी खरीदते हैं, हर पहल हमारी कोशिश का हिस्सा है।” स्कूल में एक ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क भी है, जहां बच्चे व्यावहारिक रूप से सड़क अनुशासन सीखते हैं।
बताते चलें कि पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया पर नरिंदर सिंह को बधाई थी। बैंस ने कहा था कि नरिंदर सिंह पंजाब के शिक्षकों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान ऐसे मेहनती शिक्षकों की वजह से है कि पंजाब ने शिक्षा क्षेत्र में पूरे भारत में पहला स्थान हासिल किया है। 2014 में नरिंदर सिंह को बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया था, जब उन्होंने स्कूल की दीवार से टकराए एक ट्रक के दौरान 5 बच्चों की जान बचाई थी। हालांकि, इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई थी।