दोआबा न्यूज़लाइन
भरमौर: हिमाचल के भरमौर के कुगती-हडसर-भरमौर मार्ग पर आज सुबह बड़ा सड़क हादसा होते- होते टल गया। मिली जानकारी के अनुसार
बुधवार सुबह कुगती-हडसर-भरमौर मार्ग पर कुगती से चंबा जा रही एचआरटीसी की एक बस (HP-73-8780) पर हडसर के पास अचानक भारी बारिश के चलते मलबा गिर गया। जिसके कारण बस असंतुलित होकर हवा में लटक गई। घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है ।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में लगभग 10 से 15 यात्री सवार थे, जिनमें कुछ स्कूली बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के हवा में लटकने से यात्रियों में अचानक चीख-पुकार मच गई। लेकिन बस ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होते- होते टल गया, क्योंकि ड्राइवर ने समय रहते बस की ब्रेक लगा दी। गनीमत है कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी जान बच गई। जबकि हादसे के बाद काफी समय तक घटनास्थल मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
बताते चलें कि पिछले काफी दिनों से हिमाचम में भारी बारिश हो रही है जिससे पहाड़ों से जगह-जगह भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिसके चलते प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बहुत जरुरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें।