दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: महानगर के नगर निगम दफ्तर में उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब आज निगम दफ्तर की लिफ्ट में दो निगम कर्मचारी फंस गए। मिली जानकारी के अनुसार आज एक हैंडीकैप महिला और एक नगर निगम कर्मी जो हार्ट पेशेंट है लिफ्ट में फंस गए, दोनों कर्मचारियों के करीब 15 से 20 मिनट तक दोनों के लिफ्ट में फंसे रहने से निगम कर्मचारियों में भारी गुस्सा देखने को मिला। जिसके बाद गुस्साए कर्मचारियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक्सएन सहित 2 अधिकारियों के कमरों को ताला जड़ दिया।
बताया जा रहा है कि आज एक हैंडीकैप महिला और एक नगर निगम का कर्मचारी, जो हार्ट पेशेंट हैं, किसी काम से लिफ्ट के जरिए चौथी मंजिल पर जा रहे थे। इस दौरान अचानक लिफ्ट बीच में बंद हो गई और दोनों उसमें फंस गए। निगम कर्मचारियों के अनुसार काफी देर बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं घटना के बाद कर्मचारियों में निगम प्रशासन के प्रति गुस्सा जाहिर हुआ।
गुस्साए निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निगम दफ्तर की लिफ्टें पिछले तीन से चार महीनों से खराब पड़ी हैं और इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लापरवाही के चलते आए दिन कर्मचारी और आम लोग लिफ्ट में फंस जाते हैं, आने वाले समय में खराब लिफ्ट के कारण कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द निगम दफ्तर की लिफ्ट की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।