दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर देहात के महितपुर में सरपंच पर हुए जानलेवा हमला केस में देहात पुलिस ने बीती रात एनकाउंटर कर गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सुखपाल सिंह, सब डिवीज़न शाहकोट ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती 28 फरवरी को गांव बूटे दी छन्ना के वर्तमान सरपंच महिंदर सिंह पर पांच अज्ञात व्यक्तियों ने किरपानों और लोहे की रॉडों से हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 34 दिनांक 28.02.2026 को थाना महितपुर में बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 109, 351(2), 191(3), 190 के तहत दर्ज की गई थी और तुरंत जांच शुरू कर दी गई थी। वहीं जांच के दौरान हमले में शामिल सभी पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई। जिसके बाद पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि हमले का एक आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ शीलू, पुत्र सुखविंदर राम, निवासी गांव खोखेवाल, जिला जालंधर, महितपुर क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है। वहीं सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना मेहतपुर की पुलिस टीम द्वारा मेहतपुर-नकोदर रोड पर विशेष नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान नकोदर की ओर से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB08-FQ-8812) पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति, जिसकी आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख आरोपी ने कथित रूप से भागने के इरादे से पुलिस पार्टी पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी।
आरोपी द्वारा फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में तथा आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस पार्टी ने जवाबी फायरिंग की। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस आरोपी के पास से एक पिस्तौल (7.65 मि.मी.), एक जिंदा कारतूस (7.65 मि.मी.), एक खाली खोखा (7.65 मि.मी.) और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल नंबर PB08-FQ-8812 बरामद किया गया।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 35 दिनांक 04.03.2026 को थाना मेहतपुर में धारा 109, 132, 221 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 के तहत दर्ज की गई है। मामले में बाकि चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और नाकाबंदी की जा रही है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।