जालंधर: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत PIB ने चलाई विशेष मुहिम

दोआबा न्यूजलाइन

PIB जालंधर के प्रमुख गुरमीत सिंह ने तिरंगा फहराकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

जालंधर: देश की आज़ादी की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूरे देश में भरपूर समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जालंधर में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय, द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा फहराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में हर देशवासी उत्साह से भाग ले रहा है।

इस अवसर पर पीआईबी जालंधर के प्रमुख गुरमीत सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय तिरंगे के प्रति भावना को और गहरा करना है। जब हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा, तो यह हमें हमारी साझी पहचान और देश के प्रति कर्तव्यों की याद दिलाएगा। इस मौके पर सूचना सहायक सुखदीप सिंह ने कहा कि हमारा देश तभी तेज़ी से प्रगति करेगा, जब सभी देशवासियों के भीतर एकता की भावना गहराई से विकसित होगी, और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को घर-घर तक पहुँचाने के संबंध में शपथ भी ग्रहण की।

गौरतलब है कि देशवासी इस अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहे हैं, क्योंकि तिरंगा हमारे देश की शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य हर नागरिक के भीतर देशभक्ति की गहरी भावना जगाना और हमारे राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की गहन समझ को प्रोत्साहित करना है।

साल 2022 में शुरू हुआ यह अभियान देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मज़बूत करने में सहायक साबित हुआ है और इसने एक जन आंदोलन का रूप ले लिया है। यह अभियान दर्शाता है कि अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग, तप और समर्पण से जिस स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया था, उसे विकसित और सर्वोत्तम बनाने के लिए 140 करोड़ देशवासी संकल्पित हैं।

Related posts

लाला लाजपत राय इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में विश्व ऑप्टोमेट्री दिवस 2026 कार्यक्रम का आयोजन

फिल्लौर में धरने पर बैठे दुकानदार, प्रशासन के दुकानें गिराने के आदेश पर दुकानदारों का फूटा गुस्सा

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद