दोआबा न्यूज़लाइन
धार्मिक स्थल के बाहर वारदात से दहशत, CCTV खंगाल रही पुलिस, पंजाब की कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
जालंधर: जालंधर के पॉश एरिया मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आज सुबह आप नेता लक्की ओबेरॉय को गोलियों भून कर हत्या कर दी गई। इस मामले में ताजा जानकारी निकल कर सामने आ रही है कि लक्की ओबेरॉय पर फायरिंग करने वाले हमलावरों की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तस्वीर सामने आई है।
वहीं वारदात के कुछ घंटे बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार 2 संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनके चेहरे ढके हुए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। वहीं शेरू गैंग से जुड़े व्यक्ति जस्स भुट्टर द्वारा पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में कॉलेज प्रधानगी को लेकर पुराने फैसलों और विवादों का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस मामले में जांच सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और आपसी रंजिश के एंगल से की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Breaking: जालंधर में सुबह-सुबह गुरुद्वारा साहिब के बाहर AAP नेता लकी ओबेरॉय पर हुई Firing, मौ+त
जालंधर शहर से आज सुबह बड़ी दुखदाई और चिंताजनक खबर सामने आई है। जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग की, जिसमें लकी ओबेरॉय को पांच गोलियां लगने की सूचना है। कहा जा रहा है कि घटना के बाद परिवार के सदस्य उन्हें पहले गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धार्मिक स्थल के बाहर हुई इस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहला दिया, बल्कि जालंधर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं, इलाके को सील किया गया और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। लकी ओबेरॉय को कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा का करीबी बताया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस घटना के बाद हलचल तेज हो गई है। जानकारी यह भी है कि लकी ओबेरॉय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इस वारदात ने एक बार फिर पंजाब में बढ़ते अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क की ओर ध्यान खींचा है। सवाल यह है कि अगर सत्ताधारी दल से जुड़े लोग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल है? जालंधर जैसे बड़े शहर में दिनदहाड़े फायरिंग ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर और गुस्सा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।