खन्ना में अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश, चोरी के सामान सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

दोआबा न्यूज़लाइन

खन्ना: पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खन्ना से एक अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में चोरी, लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया करते थे। आरोपियों कि गिरफ़्तारी 9 अप्रैल को हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 2 चोरी के मोटरसाइकिल और एक चोरी की सोने की चेन बरामद की है। इस मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ थाना समराला में 27 सितंबर, 2025 को एक शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें शिकायतकर्ता अमनदीप कौर ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी दोस्त के साथ समराला के एक बाजार में गई थीं, जहां दो युवकों ने उनकी सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।

वहीं पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस पार्टी ने पहले आरोपी आशु को गिरफ्तार किया। जिसके बाद आशु के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी शिवा की तलाश जारी थी, जिसे बाद में सीआईए स्टाफ खन्ना की टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों सागर, जय राम और कांता के नाम सामने आए, जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह खन्ना, मोहाली, मंडी गोबिंदगढ़ और अमलोह के अलावा अन्य जिलों में भी सक्रिय था। जिसके तार दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं, जहां आरोपी लगातार चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले हैं और खन्ना में किराए पर रहते थे। आरोपियों ने पूछताछ में कबूला है कि वे वारदातों को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे और लूटे गए सोने के जेवरों को वे उत्तर प्रदेश के सुनारों को बेच देते थे। जिसके बाद अब पुलिस उन सुनारों की तलाश कर रही है।

Related posts

नकोदर में चोरों ने एक साथ 3 दुकानों पर धावा बोला, लाखों का सामान ले हुए फरार

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहकोट में एक घर से बरामद की 35 लीटर लाहन

जालंधर के GTB नगर में गैस एजेंसी में चोरी, कैश और एक फोन ले फरार हुआ 1 नकाबपोश