भारत नेवी को देने जा रहा है 26 राफेल-एम फाइटर जेट, डील पर भारत-फ्रांस के बीच कल होगी चर्चा

दोआबा न्यूज़लाईन (नई दिल्ली/बिज़नेस/देश)

नई दिल्ली: भारत सरकार इंडियन नेवी के लिए फ्रांस से 26 राफेल-एम फाइटर जेट खरीदने की डील करने जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार इस सिलसिले में फ्रांस सरकार और डसॉल्ट कंपनी के अधिकारी कल भारत आएंगे। यहां आकर वे रक्षा मंत्रालय की कॉन्ट्रेक्ट नेगोशिएशन कमेटी से डील को लेकर चर्चा करेंगे।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 50 हजार करोड़ की इस डील के तहत फ्रांस राफेल-एम जेट के साथ हथियार, सिमुलेटर, क्रू के लिए ट्रेनिंग और लॉजिस्टक सपोर्ट भी मुहैया कराएगा। वहीं रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मीटिंग में नेवी के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। वे इस वित्तीय वर्ष के अंत तक फ्रांस के साथ बातचीत पूरी करने और डील पर हस्ताक्षर करने का प्रयास करेंगे।

नेवी के लिए खरीदे जा रहे 22 सिंगल सीट राफेल-एम जेट और 4 डबल ट्रेनर सीट राफेल-एम जेट हिंद महासागर में चीन से मुकाबले के लिए INS विक्रांत पर तैनात किए जाएंगे। इस डील की जानकारी सबसे पहले PM मोदी की पिछले साल की फ्रांस यात्रा के दौरान सामने आई थी। इसके बाद रक्षा मंत्रालय ने लेटर ऑफ रिक्वेस्ट जारी किया था, जिसे फ्रांस ने दिसंबर 2023 में स्वीकार किया।

बता दें कि इससे पहले सितंबर 2016 में 59 हजार करोड़ रुपए की डील के तहत भारत वायुसेना के लिए फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीद चुका है। इस बार भारत राफेल-एम विमान खरीद रहा है। वहीं एक्सपर्ट का यह मानना है कि नौसेना के लिए राफेल इसलिए भी उपयुक्त है, क्योंकि वायुसेना राफेल के रखरखाव से जुड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार कर चुकी है। यही नौसेना के भी काम आएगा। इससे देश का काफी पैसा बचेगा।

सूत्रों का भी यह कहना है कि राफेल-एम की पहली खेप आने में 2-3 साल लग सकते हैं। क्योंकि वायु सेना के लिए 36 राफेल का सौदा 2016 में हुआ था और डिलीवरी पूरी होने में 7 साल लग गए थे।

Related posts

दिल्ली की 9वीं सीएम बनी रेखा गुप्ता, प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने ली शपथ

PM मोदी ने दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर दी बधाई

राष्ट्रपति भवन में 5 देशों के राजदूतों ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को प्रस्तुत किए अपने परिचय पत्र