पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने NHAI अधिकारियों के साथ जालंधर में 46 किलोमीटर के रिंग रोड का किया निरीक्षण

दोआबा न्यूज़लाइन

रिंग रोड जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, जम्मू, फगवाड़ा जाने वालों के लिए वरदान, ट्रैफिक से मिलेगी राहत- सुशील रिंकू

जालंधर: जालंधर में आज पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन रिंग रोड प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

इस अवसर पर सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि लगभग 46 किलोमीटर लंबे इस रिंग रोड के निर्माण से जालंधर सहित अमृतसर, कपूरथला, जम्मू और फगवाड़ा की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा जालंधर को दिया गया था, जो अब तेजी से साकार हो रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक सभी भूमि का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। उन्होंने आगे बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत लगभग 2167 करोड़ रुपये है, जिसमें से करीब 1365 करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर खर्च किए जाएंगे, जबकि लगभग 790 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित किए गए हैं।

पूर्व सांसद रिंकू ने आगे बात करते हुए बताया कि इसके अतिरिक्त इस रिंग रोड पर 6 प्रमुख पॉइंट बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोग आसानी से रिंग रोड पर चढ़ और उतर सकेंगे। इन पॉइंट्स में जालंधर-अमृतसर रोड पर सराय खास, ईस्ट वुड विलेज, कंग साबू और फोलड़ीवाल, पठानकोट रोड पर रायपुर रसूलपुर तथा होशियारपुर रोड पर मदारा शामिल हैं, जिससे यातायात और भी सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना जालंधर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में शहरवासियों को ट्रैफिक की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए। अंत में सुशील कुमार रिंकू ने विश्वास जताया कि रिंग रोड के पूरा होने के बाद जालंधर वासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनेगी।

इस मौके पर शांतनु उपाध्याय (डिप्टी मैनेजर, NHAI), नसीब ठाकुर (साइट इंजीनियर, NHAI), राज कुमार त्यागी (प्रोजेक्ट मैनेजर, NHAI) के साथ-साथ दविंदर मेहंदीरा, सनी बत्रा, तरुण बठला और पारुल अरोड़ा भी उपस्थित रहे।

Related posts

लाला लाजपत राय नर्सिंग इंस्टीट्यूट ने बड़ी धूमधाम से मनाया विश्व स्वास्थ्य दिवस

जालंधर पुलिस ने “वॉर ऑन ड्रग्स” कैंपेन के तहत न्यू संत नगर में ध्वस्त की ड्रग तस्कर की गैर-कानूनी प्रॉपर्टी

जालंधर के गुरु नानक पूरा में दर्दनाक हादसा, कार की चपेट में आई घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची, मौत