CM मान ने अपने जालंधर आवास पर सुनी लोगों की समस्याएं

प्रशासन, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान

दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर: राज्य के लोगों से किया गया एक ओर वादा पूरा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘दुआबे में सरकार तुहाडे द्वार’ योजना के तहत जालंधर स्थित अपने किराए के घर पर क्षेत्र के लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।

वहीं पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वादा किया था कि वह दो दिन जालंधर में रहकर लोगों की शिकायतें सुन खुद उनका निपटारा करेंगे । इसीलिए वे आज यहां आये हैं। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का ख्याल रखा जा रहा है तथा उनकी समस्याओं का समाधान पूरी ईमानदारी एवं उचित ढंग से किया जा रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि अन्य जिलों से भी लोग अपने दैनिक प्रशासकीय कार्यों के लिए यहां आ रहे हैं।

सीएम मान ने कहा कि पिछले 75 साल में ऐसा कदम कभी नहीं उठाया गया, जिससे इतनी बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह न केवल लोगों की समस्याओं को हल करने में मदद कर रहा है, बल्कि राज्य सरकार की नीतियों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने का एक मंच भी बन रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस पहल का एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य, विशेष रूप से माझा और दोआबा क्षेत्र के लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों को पूरा करने के लिए सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आज शाम 8 बजे तक लोगों की मुश्किलों को सुना गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को अब अपने रोजमर्रा के काम के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि राज्य का चुना हुआ मुखिया उन्हें जालंधर में ही उपलब्ध होगा। सीएम मान ने कहा कि उन्होंने लोगों से वादा किया था कि सरकार चंडीगढ़ की बजाय राज्य के कस्बों और जिलों से चलेगी और यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि उन्होंने एक बार फिर अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनके सभी प्रयासों का एकमात्र उद्देश्य राज्य की प्रगति और लोगों की भलाई सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि वे दिन गए जब सरकार चंडीगढ़ के कार्यालयों से चलती थी और अब राज्य के असली मालिकों का समय, पैसा और ऊर्जा बचाने के लिए सरकार गांवों और कस्बों से चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘सरकार तुहाडे द्वार’ की अपनी महत्वपूर्ण योजना पहले ही शुरू कर दी है, जिसके तहत लोगों को उनके घर-द्वार पर नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए ग्राम-स्तरीय कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले दिनों में जन कल्याण के लिए इस तरह की और भी जनहितैषी पहल की जाएंगी।

Related posts

राहुल गाँधी को “आतंकी” कहने के बयान पर बुरे फंसे रवनीत बिट्टू, FIR दर्ज

उज्जैन में राष्ट्रपति ने बढ़ाई सफाई मित्र सम्मेलन की शोभा

पंजाब की AAP सरकार हर मुद्दे पर रही विफल: राजिंदर बेरी