CM भगवंत मान तबियत बिगड़ने के चलते फोर्टिस अस्पताल में भर्ती, मां सहित ये AAP नेता आज मिलने पहुंचे

दोआबा न्यूजलाइन

मोहाली: पंजाब के मुख्यमंत्री को तबियत बिगड़ने के चलते बीती रात मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सीएम मान की तबियत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके चलते वह अपने सीएम आवास पर आराम कर रहे थे। लेकिन बीती रात उनकी तबियत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया था।

बताया जा रहा है कि आज उनसे मिलने उनकी माता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अस्पताल पहुंचे हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक अब सीएम मान की सेहत में सुधार है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी पल्स रेट अब पहले से बेहतर है। हालांकि मेडिकल टीमें लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी धड़कन धीमी होने और कमजोरी की शिकायत के बाद सीएम को अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका चेकअप किया और निगरानी के लिए भर्ती होने की सलाह दी। जिसके बाद बीती रात उन्हें एडमिट कर लिया गया।

वहीं मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक न होने की वजह से शुक्रवार शाम को होने वाली कैबिनेट मीटिंग को भी स्थगित कर दिया गया था। बैठक में प्रदेश में बाढ़ के हालातों के चलते ही राहत कार्यों में तेजी लाने के संबंध में चर्चा की जानी थी।

बताते चलें कि बीते दिनों सीएम मान पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर गए थे। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद संत सीचेवाल और विधायक बलकार सिंह भी मौजूद रहे।

Related posts

दिल्ली के AAP नेताओं ने पंजाब में सत्ता पर किया है कब्जा : राजिंदर बेरी

कुराली में सुबह कोहरे के कारण 2 स्कूली बसों की टक्कर, दोनों ड्राइवर और 3 बच्चे घायल

मोहाली: कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया की हत्या, सेल्फी के बहाने की फायरिंग