पंजाब भाजपा मुख्यालय पर हमला बेहद शर्मनाक और लोकतंत्र पर आघात – ईंजी. चंदन रखेजा

जालंधर /चंडीगढ़ : सेक्टर 37 में स्थित पंजाब भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर हुए ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना ने पूरे प्रदेश में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद जालंधर केंद्रीय से युवा राजनेता ईंजी. चंदन रखेजा ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

ईंजी. चंदन रखेजा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय पर हमला केवल एक पार्टी पर नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक मूल्यों पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और यह दर्शाती हैं कि शरारती तत्व प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

रखेजा ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा इस घटना के पीछे जो भी लोग या संगठन शामिल हैं, उन्हें जल्द से जल्द पहचान कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता शांति और भाईचारे में विश्वास रखती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

इसके साथ ही ईंजी. चंदन रखेजा ने कल होशियारपुर में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना को भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर जी केवल एक महान नेता ही नहीं बल्कि भारतीय संविधान के निर्माता और करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा के साथ इस प्रकार का कृत्य समाज में विभाजन पैदा करने की साजिश है, जिसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

रखेजा ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि दोनों घटनाओं की तुरंत जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

उन्होंने अंत में कहा कि पंजाब की शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक परंपराओं को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और समाज के सभी वर्गों को मिलकर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा।

Related posts

चंडीगढ़ में ग्रेनेड अटैक के अगले दिन HC को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब में अगले 2 दिन फिर मौसम लेगा करवट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

जालंधर: दमोरिया पुल पर तेज रफ़्तार बाइक और कार की भयानक टक्कर, बाइक सवार दोनों युवक गंभीर घायल