दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के नूरपूर भट्ठा इलाके में रात उस समय अचानक हड़कंप मचा गया जब एक तेज रफ़्तार बोलेरो गाड़ी दुकान के अंदर जा घुसी। मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय दुकान में महिला और उसके 2 बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि हादसे में माँ और बच्चे बाल बाल बच गए। लेकिन घटना में दुकान और उसके अंदर रखा काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। ये घटना नूरपूर भट्ठा इलाके में हरगोबिंद नगर में स्थित शिवम मोबाइल वर्ल्ड नामक दुकान में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सीधे दुकान में घुस गई। दुकान के अंदर बैठी महिला को हल्की चोटें आईं लेकिन उनकी दुकान का काफी नुकसान हुआ है। वहीं गाड़ी के मालिक ने बताया कि उनका ड्राइवर पिछले 3-4 दिनों से बीमार चल रहा था। उसने दवाई लेने के लिए गाड़ी रोकी थी और इस दौरान उनके साथ एक युवक था। इस दौरान पीछे से एक और कार आ गई। उसे पास देने के चलते क्लीनर सीट पर बैठा उनका साथी गाड़ी को हटाने लगा। ब्रेक की जगह रेस पर पैर रखे जाने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और दुकान में घुस गई।
वहीं गाड़ी के मालिक ने कहा है कि वह गलती मानते हैं और परिवार के दुकान की भरपाई कर दी जाएगी। घटना के बाद सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।